किसानों के हित में खरीद प्रक्रिया बेहतर करे बोर्ड
रुद्रपुर मंडी विपणन बोर्ड की समीक्षा बैठक में बोले कृषि मंत्री बोर्ड किसानों के हित में फसल खरीद प्रक्रिया को बेहतर बनाए।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर: मंडी विपणन बोर्ड किसानों के हित के लिए फसल खरीद प्रक्रिया को बेहतर बनाएं। पर्वतीय अंचलों से विभिन्न खाद्यान्न की खरीद के लिए किसानों को हर तरह की सुविधा का लाभ दिया जाए। यह बातें कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने मंडी विपणन बोर्ड की बैठक के दौरान कही। बैठक के बाद उत्तराखंड के कृषि मंत्री सुबोध उनियाल रविवार को पुलिस लाइन परिसर से देहरादून के लिए रवाना हो गए। इससे पहले कृषि मंत्री शनिवार को जिले में थे। सूत्रों के अनुसार कृषि कानून को लेकर भी समीक्षा बैठक में चर्चा हुई। चर्चा रही कि नए कानून से मंडी पर बीतों दिनों क्या असर पड़ा है। इस बात की पुष्टि के लिए अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई मगर वे फोन नहीं उठाए।
मंडी विपणन बोर्ड सभागार में कृषि मंत्री ने विभागीय अधिकारियों से वार्ता की। शनिवार शाम छह बजे से हुई बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी कार्ययोजना की जानकारी दी। कृषि सुधार कानून से मंडी पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में भी बात की गई।
महाप्रबंधक तकनीकि विजय कुमार ने बताया कि प्रदेश हित में मंडी लगातार कार्य कर रही है। जिसमें किसानों व अन्नदाताओं के हित का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। कृषि मंत्री ने पहाड़ से विभिन्न प्रकार की दालों व अनाज की खरीद के बारे में अपनाई जा रही प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने भविष्य में मंडी से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के बारे में अधिकारियों से बात की। उन्होंने कहा कि यदि योजनाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की समस्या आ रही हो तो उसके बारे में बताया जाए। उन्होंने प्रदेश की सभी मंडियों में किसानों को प्रोत्साहित करते हुए कार्य करने के लिए कहा। इस दौरान विपणन बोर्ड के कई अधिकारी मौजूद थे।