बाजपुर में खेत से रास्ते को लेकर हमला, पांच पर केस
बाजपुर में खेत से निकलने को लेकर कुछ लोगों ने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। पांच पर केस दर्ज।
जागरण टीम, बाजपुर/रुद्रपुर : खेत से निकलने को लेकर कुछ लोगों ने एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला बोलकर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की ओर से तहरीर में नामजद पांच लोगों के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्राम शीतपुरी बांसखेड़ा निवासी रामचंद्र सिंह पुत्र स्व. कुंवर सिंह ने तहरीर में कहा है कि वह 19 नवंबर 2020 को अपने भांजे ग्राम पहाड़पुर नगदपुरी निवासी विक्रम सिंह के साथ खेत में काम करने गया था। आरोप है कि इसी बीच गांव के ही आनंद सिंह पुत्र शेर सिंह, बलवीर उर्फ अनिल व जगदीश पुत्रगण आनंद सिंह, भोलू पुत्र पाली सिंह तथा बलराम सिंह पुत्र मान सिंह आदि वहां आ धमके और और खेत से निकलने को लेकर गाली-गलौज करते हुए हमलावर हो गए, जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गया। यह आरोप भी लगाया है कि मामले की शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उच्चाधिकारियों ने भी मामले में कोई संज्ञान नहीं लिया है। वहीं पुलिस ने न्यायालय के आदेशों के पर नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मल्सी में युवक पर हमला, तीन पर केस
रुद्रपुर: मल्सी निवासी व्यक्ति पर लाठी डंडों से हमला कर दिया गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर तीन आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
ग्राम मल्सी निवासी किरन ने बताया कि उसका पति सुनील कुमार मेहनत मजदूरी करता है। 28 फरवरी की रात सुनील काम से घर को लौट रहा था। इसी बीच भमरौला-मल्सी मार्ग पर गांव के ही हरिनाथ यादव, अजय यादव और गोपाल यादव घात लगाकर बैठे हुए थे। जैसे ही उसका पति वहां पहुंचा तो आरोपितों ने उसे घेर लिया और लाठी डंडो से हमला कर दिया। जिससे उसके पति का एक हाथ और पैर टूट गया। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपित फरार हो गए। बाद में उसने लोगों की मदद से पति को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। किरन की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपित हरिनाथ यादव, अजय यादव और गोपाल यादव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एसएसआइ सतीश कापड़ी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है।