छठ पर्व पर इस बार नहीं लगेगा मेला
रुद्रपुर में पूर्वाचल समाज के सबसे बड़े पर्व छठ पूजा पर इस बार कोरोना के चलते कई आयोजन रद कर दिए गए हैं।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : पूर्वाचल समाज के सबसे बड़े पर्व छठ पूजा पर इस बार कोरोना के चलते कई आयोजन रद कर दिए गए हैं। छठ घाट पर इस बार मेला और सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं किए जाएंगे। घाट किनारे सिर्फ पूजा कार्यक्रम ही संपन्न किया जाएगा।
रुद्रपुर छठ महोत्सव के दौरान विभिन्न गतिविधियां बीते 25 वर्षो से की जा रही हैं। पूर्वाचल समाज समिति की ओर से छठ घाट पर चार दिनों का मेला और सांस्कृतिक आयोजन किए जाते रहे हैं। इस बार कोरोना महामारी का प्रकोप देखते हुए पूर्वांचल समाज समिति ने सिर्फ पूजन कार्यक्रम की ही अनुमति दी है। जिसमें शारीरिक दूरी और मास्क आदि का विशेष ध्यान रखने की बात कही जा रही है। पूर्वांचल समाज समिति के अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने बताया कि पूजा स्थल पर सभी से मास्क लगाकर आने की अपील की जा रही है। बिना मास्क के पूजा स्थल पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मौके पर सैनिटाइजर व 300 मास्क की भी व्यवस्था की गई है। वहीं छठ घाट पर स्थानीय लोगों ने बेदी निर्माण के बाद रंगाई आदि का कार्य किया।
.........
महापौर ने किया निरीक्षण
नगर निगम के महापौर रामपाल सिंह ने मंगलवार को छठ घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर बेदी बना रहे लोगों से बात करके समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। पूर्वांचल समाज समिति के महामंत्री फुदेना साहनी ने महापौर से नदी की सफाई करने व प्रकाश व्यवस्था का अनुरोध किया। महापौर ने बताया कि मौके पर सफाई व प्रकाश व्यवस्था के निर्देश नगर निगम कर्मचारियों को दिया गया है।
.............
गुरुवार को रहेगा खरना
छठ पूजा कार्यक्रम का आरंभ बुधवार को नहाय, खाय के साथ हो गया है। जिसमें लोगों ने स्नान के बाद कद्दू और चावल का प्रसाद ग्रहण किया। गुरुवार को खरना पर्व के दौरान व्रती चावल और गुड़ की खीर का प्रसाद ग्रहण करेंगे। शुक्रवार को अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। छठ पर्व पर मांग बढ़ने के कारण विभिन्न फलों के दाम में 10 से 40 रुपये तक की वृद्धि हो गई है।