तराई में रिमझिम बारिश, सर्दी से ठिठुरे लोग
तराई में दूसरे दिन भी रिमझिम बारिश हुई। ठंड और शीतलहर से जनजीवन अस्त व्यस्त हैं। मौसम विज्ञानियों ने एक दिन और वर्षा की संभावना जताई है।
जासं, रुद्रपुर : तराई में दूसरे दिन भी रिमझिम बारिश हुई। ठंड और शीतलहर से जनजीवन अस्त व्यस्त हैं। मौसम विज्ञानियों ने एक दिन और वर्षा की संभावना जताई है।
शनिवार सुबह से मौसम ने करवट ली है। शाम और फिर रविवार को दिनभर रिमझिम बारिश हुई। बारिश के चलते सड़कों पर सन्नाटा और चौक चौराहों पर लोग दुबके रहे। ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लिया। इधर, किसानों के लिए बारिश मुसीबत बनी है। गेहूं की खेती में बारिश से पाले को लाभ मिलेगा। मटर, सरसों के लिए बारिश नुकसानदेय साबित हो सकती है। मुख्य कृषि अधिकारी डा. अजय वर्मा ने बताया कि अभी किसी नुकसान की सूचना नहीं मिली है। पंत विवि के मौसम विज्ञानी डा. आरके सिंह ने बताया कि 8.09 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सोमवार को भी 10 मिमी वर्षा की संभावना है। साथ ही ओले भी पड़ सकते हैं। जिसके बाद ठंड में और इजाफा होगा। वहीं, खटीमा में लगातार 24 घंटे से हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। बारिश से फसलों को भी खासा नुकसान पहुंचा है। रविवार को भी पूरे दिन भगवान सुर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। जिससे पारा लुढ़कर सात डिग्री पर आ पहुंचा। इस बारिश गेहूं, मटर, आलू आदि फसलों को खासा नुकसान पहुंचा है। थारू राइंका में स्थित मौसम वैधशाला प्रभारी नरेंद्र रौतेला ने बताया कि 24 घंटे में 10 एमएम वर्षा रिकार्ड की गई है। बारिश ने रोडवेज के पहिये किए जाम
रुद्रपुर: बेमौसम बारिश के बीच सार्वजनिक परिवहन के साधनों पर व्यापक असर देखने को मिल रहा है। रुद्रपुर बस स्टेशन पर सुबह ही बारिश की वजह से दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़ सहित लखनऊ के लिए भेजी गई बसों में यात्रियों की संख्या 35 प्रतिशत कम रही। 15 बसों में से 8 बसें ही दिल्ली के लिए रवाना की जा सकीं। लोकल रूट पर भी यही स्थिति बनी रही। दो दिनो से हो रही हल्की बारिश में रोडवेज को राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। 78 बसों के बेड़े में रविवार को भी बारिश के कारण 55 से 60 बसें ही रवाना की जा सकीं। उसमें भी बसों में 35 प्रतिशत से कम नजर आई। सुबह से रुक रुककर तो कभी तेज हो रही बारिश ने रोडवेज बसों के पहिये जाम कर दिए। लोकल रूट काशीपुर, सितारगंज, बरेली के लिए भी यात्रियों की संख्या और दिनों की अपेक्षा काफी कम रही। स्टेशन इंचार्ज ब्रम्हानंद ने बताया कि बारिश से बसों का संचालन प्रभावित हुआ है। मौसम के साथ ही कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण लोग यात्रा से बच रहे हैं।