मजदूर को मिला करोड़ों के टैक्स का नोटिस, फूले हाथ-पांव; जानिए
एक मजदूर को करोड़ों की रिकवरी का नोटिस आया। जिससे उसके हाथ पांव फूल गए। उसने पुलिस में तहरीर दी है।
दिनेशपुर, जेएनएन। जीएसटी विभाग से करोड़ों की वसूली के लिए आए नोटिस से मजदूर के हाथ-पांव फूल गए। मजदूर की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
नगर के निकटवर्ती ग्राम मोतीपुर नंबर एक निवासी संजय सरदार पुत्र हरिचांद सरदार ने थाने में दी तहरीर में कहा कि उसे सीजीएसटी के अधीक्षक के कार्यालय गाजियाबाद से नोटिस मिला है। फर्म का स्वामी संजय सरदार निवासी मोतीपुर नंबर एक को दर्शाया गया है।
नोटिस में दो करोड़ तीन लाख 49 हजार दो सौ 79 रुपये का शॉर्ट पेमेंट दर्शाया गया है। साथ ही इस राशि जल्द से जल्द जमा करने के लिए कहा गया है। संजय सरदार का कहना है कि वह मेहनत मजदूरी कर अपने घर का खर्चा चलाता है। उसकी कोई फर्म नहीं है। उसने आशंका जताई कि उसके कागजों का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी की गई है। वहीं, प्रभारी निरीक्षक के एस रावत का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
एक वर्ष पूर्व जताया था अंदेशा
संजय सरदार ने लगभग एक साल पहले दिनेशपुर थाने में तहरीर देकर कहा था कि उसकी जान पहचान के दो लोगों ने लोन दिलाने के नाम पर उसके समस्त कागजात ले लिए थे। लेकिन उन्होंने लोन भी नहीं दिलाया और न ही उसके आधार कार्ड, पेन कार्ड, बैंक खाता आदि दस्तावेज लौटाए। उसने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
यह भी पढ़ें: टैक्सी बिल घोटाले: अब दोषी अफसरों से वसूली जाएगी रकम
यह भी पढ़ें: शिल्पा और नूतन की फर्म के लाइसेंस की जांच हुई शुरू
यह भी पढ़ें: आयुर्वेद विश्वविद्यालय से दो फर्म और मिश्रा के रिकार्ड जब्त