विकास कार्य न होने से कलक्ट्रेट पर गरजे पार्षद
नगर निगम की बोर्ड बैठक में पास हुए विभिन्न 200 काम शुरू न होने को लेकर आक्रोश है।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : नगर निगम की बोर्ड बैठक में पास हुए विभिन्न 200 काम शुरू न होने से विपक्षी पार्षद आक्रोशित हो गए हैं। उन्होंने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर शासन व निगम के खिलाफ आक्रोश जताया। साथ ही उन्होंने कहा कि विकास कार्य शुरू न होने से जनता परेशान है, जबकि एमएनए और महापौर को विकास कार्यो की कोई चिता नहीं है। उन्होंने डीएम को ज्ञापन सौंपकर नगर आयुक्त पर अभद्रता का भी आरोप लगाते हुए उनके स्थानांतरण की मांग की।
नगर निगम के कांग्रेसी पार्षदों ने निगम के नेता प्रतिपक्ष मोनू निषाद के साथ सोमवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 31 जनवरी को निगम सभागार में बोर्ड की हुई बैठक में पास हुए विभिन्न 200 कार्यो में एक भी धरातल पर नहीं दिखा। मुख्य बाजार में अंडर ग्राउंड नालों का निर्माण किया जा रहा है। नाले की गहराई कहीं कम तो कहीं ज्यादा है। सभी नाले पूरी तरह से बंद निर्मित कराए जा रहे हैं। ऐसे में नालों की गहराई और उंचाई का कोई प्रत्यक्ष आंकलन नहीं हो पा रहा है। ऐसे में सड़क का पानी कहां से निकलेगा यह जांच का विषय है। पार्षदों ने मेयर, एमएनए, जेई, उप नगर आयुक्त पर मिलीभगत करके सरकारी धन के बंदरबांट का आरोप लगाया है। कहा कि विकास कार्याें में घटिया सामाग्री के प्रयोग से मियाद से पहले ही निर्माण क्षतिग्रस्त हो रहा है। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन वाहन सुचारु रूप से संचालित नहीं हो रहे हैं। इसके बाद भी यूजर चार्ज वसूला जा रहा है। फागिग व कीटनाशक का छिड़काव न होने से संक्रामक रोग फैलने की आशंका है। प्रदर्शन करने वालों में सुरेश गौरी, नव कुमार साना, सुशील मंडल, मोहन कुमार, कैलाश राठौर, महबूब अंसारी, राजेश कुमार, अबरार अहमद, प्रवेश कुरैशी, मानस बैरागी, विजय अरोड़ा आदि शामिल थे।