कांग्रेस के पास जमीनी नेता की कमी
बाजपुर में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता गौरव शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की हर जगह हार के बाद भी ऐसे लोगों को प्रभार दिया जा रहा है जो भाजपा के मुकाबले कहीं भी नहीं ठहरते हैं।
संवाद सहयोगी, बाजपुर : भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता गौरव शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की हर जगह हार के बाद भी ऐसे लोगों को प्रभार दिया जा रहा है, जो भाजपा के मुकाबले कहीं भी नहीं ठहरते हैं।
वर्तमान में सह प्रभारी के रूप में झारखंड की महिला नेत्री को लाया गया है, जो अपने ही क्षेत्र में पार्टी को जनाधार नहीं दिला पाई हैं। झारखंड में अपने व्यवहार के कारण हमेशा चर्चाओं में रहती हैं। अनेक बार पुलिस से इनकी भिड़ंत हो चुकी है। जबकि उत्तराखंड के लोग राष्ट्रभक्त हैं और पर्वतीय क्षेत्र भूतपूर्व सेनानियों से भरा पड़ा है। ऐसे में भाजपा का किसी से कोई मुकाबला नहीं है। 2022 में पार्टी सत्ता में पुन: काबिज होगी। उन्होंने कांग्रेस की सह प्रभारी पर तंज कसते हुए कहा कि जो पार्टी चुनाव से ठीक आठ माह पूर्व हुए सल्ट उपचुनाव में अपना वजूद नहीं बना पाई और भाजपा को जनता की बदौलत शानदार जीत हासिल हुई है। इसी प्रकार कोविड-19 के चलते बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के नेतृत्व में जनता को मिल रही हैं और लगातार सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास जमीनी नेता की कमी हो गई है। कांग्रेस के पास भाजपा की रेखा वर्मा जैसी जमीनी नेता नहीं हैं, जो ब्लॉक प्रमुख से सांसद तक चुनाव जीतते हुए कांग्रेस के केंद्रीय मंत्री को भी धूल चटा चुकी हैं। कांग्रेस द्वारा डुप्लीकेट कॉपी स्ट्रैटजी के तहत झारखंड की महिला नेता को सह प्रभारी बनाकर लाया गया है। भाजपा पूर्ण बहुमत से विजयी होगी।