कांग्रेस ने फूंका प्रदेश सरकार पुतला
जागरण संवाददाता, काशीपुर : महानगर कांग्रेस कमेटी ने नगर के महाराणा प्रताप चौक पर प्रदेश सरकार का पु
जागरण संवाददाता, काशीपुर : महानगर कांग्रेस कमेटी ने नगर के महाराणा प्रताप चौक पर प्रदेश सरकार का पुतला फूंककर झरवरखेड़ा व रुद्रपुर के भाजपा विधायकों के ऊपर गुंडागर्दी व लोकतंत्र का गला घोटने का आरोप लगाया।
कांग्रेस कमेटी के महानगर अध्यक्ष संदीप सहगल के नेतृत्व में मंगलवार को दोपहर लगभग 12 बजे महाराणा प्रताप चौक पर प्रदेश की भाजपा सरकार का पुतला दहन कर आक्रोश जताया। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगाड़ने का षडयंत्र किया जा रहा है। साथ ही अराजकता का माहौल बनाया जा रहा है। जिसका ज्वलंत उदाहरण विधायक देशराज कर्णवाल का अनुसूचित समाज की महिलाओं संग दुर्व्यवहार व रुद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल द्वारा टोल प्लाजा पर की गई मारपीट है। आरोप लगाया कि पूर्व में भी भाजपा के गदरपुर विधायक ने अनुसूचित जाति के व्यक्ति के साथ मारपीट व अभद्रता की थी, जो भाजपा के अनुसूचित जाति विरोधी चेहरे व दूषित मानसिकता का परिचायक है। कहा कि प्रदेश सरकार जनता का उत्पीड़न कर रही है, न कि विकास। वहीं कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था को भाजपा के नेता कठपुतली की तरह चला रहे हैं। इसका कांग्रेस पुरजोर विरोध करते हुए निंदा करती है। पुतला दहन करने वालों में मुक्ता सिंह, महेंद्र चौधरी, अलका पाल, मनोज राय, अफसर अली, राकेश, महेंद्र शर्मा, फिरोज हुसैन, संजय शेट्ठी, अरुण, दिलशाद अंसारी व लियाकत अंसारी, विमल गुड़िया समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी शामिल थे।