दस लाख के लिए विवाहिता को जलाने का प्रयास
काशीपुर में दहेज लोभी ससुरालियों ने दस लाख रुपये की मांग पूरी न होते देख विवाहिता को जलाने का प्रयास किया।
जासं, काशीपुर : दहेज लोभी ससुरालियों ने दस लाख रुपये की मांग पूरी न होते देख विवाहिता को जलाकर मारने का प्रयास किया। पीड़िता की तहरीर पर कुंडा थाना पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।
कुंडा थाना क्षेत्र निवासी विवाहिता ने थाने में दी तहरीर मे कहा कि उसका विवाह 10 दिसंबर 2020 को ग्राम महोली जंगल बाजपुर निवासी विशाल के साथ हुआ था। तब उसके परिजनों ने ससुरालियों को एक एक्सयूवी कार समेत कई तोला सोने का सामान व पांच लाख रुपये नकद दिया था। बकौल पीड़िता शादी के कुछ समय बाद से ही ससुरालियों ने 10 लाख रुपये दहेज की मांग पर अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। बात-बात पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। इसी दौरान वह गर्भवती हुई तो ससुरालियों ने उसे और उसके बच्चे को मारने का भी प्रयास किया। पीड़िता ने कहा कि उसे जलाकर मारने का प्रयास भी ससुराल वालों ने किया, लेकिन वह बच गई। अपने बच्चे की जान को खतरा देखकर बाद में वह मायके चली आई। इस बीच उसके स्वजन गांव के कुछ लोगों के साथ उसके ससुराल वालों को समझाने बाजपुर गए, जहां उनके साथ गाली-गलौज की गई। पीड़िता ने कहा कि ससुरालवालों ने महिला हेल्प में प्रार्थना पत्र दे दिया। पीड़िता ने दहेज में दिए गए सामान को वापस दिलाने की पुलिस से गुहार लगाई है। कुंडा एसओ अरविद चौधरी ने बताया की पीड़िता की तहरीर पर पति विशाल, ससुर ओमप्रकाश, सास ममता, ननद नैंसी और नेहा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।