धान खरीद में लगाया धाधली का आरोप
रुद्रपुर में तराई किसान संगठन संगठन के अध्यक्ष तजिंदर सिंह विर्क ने धान खरीद में हो रही धांधली का आरोप लगाया है।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : तराई किसान संगठन संगठन के अध्यक्ष तजिंदर सिंह विर्क ने धान खरीद में हो रही धाधली का आरोप लगाया है। राज्य सरकार किसानों का शोषण कर रही है, जो खरीद नीति वर्ष, 2020-21 के लिए बनाई गई वह किसानों का गला काटने वाली है।
अध्यक्ष विर्क ने बुधवार को गल्ला मंडी में पत्रकारों को बताया कि खरीद के 21 दिन होने के बाद भी धान कच्चे आढ़ती की ओर से सरकारी एमएसपी पर नहीं खरीदा गया है। सरकार, प्रशासन एवं कच्चा आढ़ती के बीच का खेल है। 500 प्रति क्विंटल जिसका मतलब 300 करोड़ का हेरफेर होना तय है। कच्चा आढ़ती बिचौलिए का काम कर रहा है। सरकार को लाभ पहुंचाने का काम कर रहा है। भारतीय किसान संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर जगदीश सिंह ने कहा कि सरकार की मशीनरी के रूप में काम करने वाला प्रशासन की भुमिका भी संदिग्ध नजर आ रही है। कच्चा आढ़ती किसानों की खतौनी और अकाउंट नंबर दर्शा कर मंडी के बाहर औने पौने दाम पर खरीद कर रहा है। किसान नेता सुखा सिंह विर्क ने कहा कि जिस तरह से सरकार आखों पर पट्टी बाधकर बैठी है और सारा कुछ उसके सामने हो रहा है वह तो कहीं ना कहीं ऐसे लगता है कि जैसे सरकार ने कच्चा आरती को खुली छूट दे दी हो। प्रति एकड़ 15000 है का घाटा हो रहा है। मंडी के अंदर धारा 144 लगाकर संवैधानिक अधिकारों का शोषण हो रहा है।