प्रदेश में खुल रहे 190 अटल आदर्श विद्यालय देंगे अंग्रेजी शिक्षा
रुद्रपुर में प्रदेश के शिक्षामंत्री अरविंद पांडेय ने अटल आदर्श विद्यालयों को लेकर समीक्षा बैठक की।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : प्रदेश के शिक्षामंत्री अरविंद पांडेय ने कहा है कि बहुत जल्द सूबे में 190 अटल आदर्श विद्यालय खुलने जा रहे हैं। इन सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई कराई जाएगी। उन्होंने जिलेवार चयनित विद्यालयों की समीक्षा करते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारियों को इन स्कूलों में तत्काल आधारभूत सुविधाएं मुहैया कराने को कहा है।
फाजलपुर महरौला स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में रविवार को शिक्षा मंत्री अरविद पांडेय ने वर्चुअल क्लास के माध्यम से प्रदेश भर के शिक्षाधिकारियों संग विभागीय समीक्षा बैठक की। इसमें महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा आलोक पांडे, निदेशक विद्यालय शिक्षा आरके कुंवर ने देहरादून स्थित वर्चुअल क्लासरूम स्टूडियो से प्रतिभाग किया। इसके अलावा अपर राज्य परियोजना निदेशक सर्व शिक्षा अभियान एवं नोडल अधिकारी अटल आदर्श विद्यालय योजना के डॉ. मुकुल सती, प्रदेश के सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी व उप शिक्षा अधिकारियों ने नजदीकी वर्चुअल क्लासरूम के माध्यम से प्रतिभाग किया। शिक्षा मंत्री अरविद पांडे ने अटल आदर्श विद्यालय के लिए चयनित विद्यालयों की समीक्षा की। अपर राज्य परियोजना निदेशक ने प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में चयनित दो-दो राजकीय इंटर कॉलेजों की सूची का अवलोकन कराया। शिक्षा मंत्री ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों से विद्यालयों की प्राथमिकताएं निर्धारित करने के निर्देश दिए, जिसमें सर्वप्रथम इन चयनित विद्यालयों में सभी प्रकार की भौतिक सुविधाओं को पूर्ण करने को कहा। शिक्षामंत्री ने विद्यालयों को अंग्रेजी माध्यम सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में चलाने के निर्देश दिए।