गणतंत्र दिवस पर लहराएगा 153 फीट ऊंचा तिरंगा
जागरण संवाददाता, किच्छा : 26 जनवरी 2018 किच्छा के लिए ऐतिहासिक दिन होने जा रहा है। नगर पालिका के प्र
जागरण संवाददाता, किच्छा : 26 जनवरी 2018 किच्छा के लिए ऐतिहासिक दिन होने जा रहा है। नगर पालिका के प्रयास से सम्मान के प्रतीक 153 फीट ऊंचे तिरंगे को फहराने की तैयारी पूरी कर ली है। 40 लाख की लागत से ऐतिहासिक स्थल तैयार किया जा रहा है। जहां पर भव्य समारोह के बीच गणतंत्र दिवस के अवसर पर तिरंगा शान के साथ किच्छा के खुले आसमान में विचरण करेगा।
किच्छा की जनता को पिछले छह माह से इस दिन का इंतजार था। लंबी जद्दोजहद के बाद किच्छा में आखिरकार तिरंगा फहराने की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। दिन रात एक कर तिरंगे के चारों तरफ उसकी खुबसूरती को चार चांद लगाने के लिए पार्क का कार्य अंतिम दौर में पहुंच चुका है। पालिकाध्यक्ष महेंद्र चावला लगातार कार्य पर अपनी नजर बनाए हुए है। पालिकाध्यक्ष चावला ने बताया 28 लाख की लागत से 153 फीट ऊंचे तिरंगे के साथ ही जिस स्थान पर तिरंगा लहराएगा उसके सुंदरीकरण के लिए 12 लाख की लागत से पार्क विकसित किया जा रहा है। जिससे लोग इस ऐतिहासिक धरोहर के पास सुकून के कुछ पल बीता सके। यहां आने वाले लोगों के लिए पर्यावरण संरक्षित कैंटीन का भी प्रारूप तैयार है, जिससे लोग इस स्थान को पर्यटन की दृष्टि से भी प्रयोग कर सके। इसके साथ ही रिक्त पड़ी भूमि पर पार्क विकसित किया जाएगा, जिससे लोग अपना कुछ समय व्यतीत कर देश प्रेम की भावना को जागृत कर सके।