हाइटेंशन लाइन की चपेट में आई बकरी, तो महिला ने की बचाने की कोशिश; मौत
टिहरी जिले के देवप्रयाग में डोबरी गांव निवासी एक महिला की हाइटेंशन लाइन की चपेट में आकर मौत हो गई।
नई टिहरी, जेएनएन। देवप्रयाग के डोबरी गांव निवासी एक महिला की हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब महिला बकरियों को लेकर गांव के ही पास खेतों में गई हुई थी।
डोबरी गांव में 55 वर्षीय संता देवी पत्नी सुरेंद्र सिंह मंगलवार दोपहर को बकरी चराने खेतों की ओर गई हुई थी। अचानक उनकी बकरी हाइटेंशन तार की चपेट में आ गई। बकरी को बचाने के लिए जैसे ही संता देवी ने हाथ लगाया, तो वह भी करंट की चपेट में आ गई। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली का खंभा टेढ़ा होने से उसके तार नीचे झूल रहे थे, जिस कारण महिला करंट की चपेट में आई। ऊर्जा निगम की लापरवाही से ही महिला की जान गई है। उन्होंने बताया कि ऊर्जा निगम के अधिकारियों को करीब पंद्रह दिन पहले सूचना भी दे दी गई थी, मगर विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
प्रधान मुकेश सिंह ने बताया कि ऊर्जा निगम के अधिकारियों के आने के बाद ही शव को उठाया जाएगा। देर शाम तक ग्रामीण शव के साथ घटनास्थल पर ही डटे थे। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता वाईएस तोमर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत, साथी घायल Dehradun News
मृतक महिला के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। देवप्रयाग थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने बताया कि ग्रामीणों की ऊर्जा निगम के अधिकारियों से वार्ता चल रही है। अगर ग्रामीणों की तरफ से तहरीर आएगी तो संबंधित विभाग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें: ट्रॉली और बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत, डंपर ने बच्ची को कुचला Dehradun News