सुरकंडा मंदिर में नहीं मनाया गया गंगा दशहरा पर्व
प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां सुरकंडा मंदिर में इस बार गंगा दशहरा पर्व पर नहीं मनाया गया। लॉकडाउन के चलते मंदिर में केवल सामान्य पूजा ही कराई गई।
संवाद सहयोगी, चंबा : प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां सुरकंडा मंदिर में इस बार गंगा दशहरा पर्व पर नहीं मनाया गया। लॉकडाउन के चलते मंदिर में केवल सामान्य पूजा ही कराई गई। इस मौके पर मां सुरकंडा से कोरोना बीमारी को जल्द खत्म किए जाने की प्रार्थना की गई। साथ ही कद्दूखाल में मेले का आयोजन भी नहीं किया गया।
सोमवार को सिद्धपीठ सुरकंडा मंदिर में मंदिर समिति से जुड़े कुछ लोग व पुजारी ही पहुंचे। सुबह सबसे पहले गंगाजल से मां की मूर्ति को स्नान कराया और उसके बाद पूजा-अर्चना की। मंदिर का केवल एक ही दरवाजा खोला गया। मंदिर समिति के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह नेगी, कलम सिंह. विनोद सिंह, सुखपाल सिंह आदि लोग ही मंदिर पहुंचे और मंदिर के पुजारियों द्वारा पूजा संपन्न कराई। जबकि सामान्य दिनों में मंदिर में गंगा दशहरे के अवसर पर कई दिनों तक भारी भीड़ जुटती थी। जबकि इस बार मंदिर में सन्नाटा पसरा रहा।
समिति के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि जबसे लॉकडाउन हुआ तब से मंदिर में यात्रियों के आने पर रोक लगाई गई है। जिस कारण इस बार गंगा दशहरा पर्व भी नहीं मनाया गया। उन्होंने बताया कि सीमित लोगों की मौजूदगी में मंदिर में केवल सामान्य पूजा ही संपन्न कराई गई। उन्होंने कहा कि आगे के लिए सरकार का जो भी निर्देश होगा उसी अनुसार मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर समिति द्वारा निर्णय लिया जायेगा। यह पहला मौका है जब गंगा दशहरे के मौके पर सुरकंडा मंदिर में एक भी श्रद्धालु नहीं आया।