महिला की आत्महत्या के मामले में दो पर मुकदमा
विवाहिता को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में मायके पक्ष की तहरीर पर पति व देवरानी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: विवाहिता को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में मायके पक्ष की तहरीर पर पति व देवरानी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
मृतक महिला के भाई गंगा सिंह पुत्र दलीप सिंह निवासी ग्राम कुरछोला, पोस्ट कुरछोला, तहसील जखोली ने कोतवाली रुद्रप्रयाग में तहरीर देकर बताया कि उनकी बहन मालती देवी की शादी दरम्यान सिंह, निवासी ग्राम चंदी कोठियाड़ा, तहसील जखोली के साथ 12 वर्ष पूर्व हुई थी। जिनका एक पांच वर्ष का पुत्र भी है। बीती 17 जून की रात दरम्यिान सिंह ने उन्हें फोन किया कि अपनी बहन को ले जाओ। जिस पर उन्होंने अगली सुबह आने की बात कही। अगले दिन सुबह उनकी बहन ने फोन पर बताया कि पति व देवरानी प्रियंका मेरे साथ मारपीट कर रहे हैं। जब वह अपनी बहन के घर पहुंचा तो वह बिस्तर पर मृत मिली। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने महिला के पति दरम्यान सिंह पुत्र मातवर सिंह व प्रियंका देवी पत्नी रणजीत सिंह निवासीगण ग्राम चंदी कोठियाड़ा, तहसील जखोली के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है।