आगामी चुनाव में आप होगी भाजपा का विकल्प
उत्तराखंड में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा का विकल्प आम आदमी पार्टी बनेगी।
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा का विकल्प आम आदमी पार्टी बनेगी। दावा किया कि कांग्रेस के आपसी कलह के चलते चुनावी घमासान भाजपा व आप के बीच रहेगा।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्यार सिंह नेगी ने यहां जारी प्रेस बयान में कहा कि कई धड़े होने से कांग्रेस को जनता और राज्य के विकास से कोई सरोकार नहीं है। वहीं दूसरी तरफ आप के बढ़ते जनाधार से यह तय हो गया है कि आगामी विधानसभा चुनाव भाजपा बनाम आम आदमी पार्टी के बीच रहने वाला है। कांग्रेस की अंदरूनी कलह और आपसी मनमुटाव ने कांग्रेस को रसातल तक पहुंचाने का काम किया है। कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह थराली उपचुनाव में कांग्रेस की हार का ठीकरा पूर्व सीएम हरीश रावत के सर फोड़ रहे है। कहा कि हरीश रावत जिस तरह से प्रीतम सिंह के तंज पर नाराजगी के साथ सभी 60 विधानसभा सीटों पर हार की जिम्मेदारी एक बार फिर ले रहे, ये जनता सब देख रही है। इंटरनेट मीडिया पर इनके अलग-अलग धड़ों के समर्थक एक-दूसरे से उलझे हैं। नेगी ने कहा कि जिस पार्टी के नेता आपसी कलह और राजनैतिक नूराकुश्ती में उलझे हैं, वह क्या प्रदेश का विकास करेंगे। यह बात आम आदमी पार्टी तब कह रही, जब उत्तराखंड की राजनीति में कांग्रेस पार्टी के दो बड़े वरिष्ठ नेता आपस में उलझ रहे हैं। कहा कि आम आदमी पार्टी के 2022 में सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ने के बाद से ही कांग्रेस सकते में है, और बाकी समय-समय पर कांग्रेस के नेताओं की आपसी बयानबाजी कांग्रेस की हताशा और निराशा को दिखाता है। ऐसे में जनता कांग्रेस को किसी भी विकल्प के तौर पर नहीं मान रही है।