केदारनाथ में साधु-संत एकत्रित कर रहे हैं प्लास्टिक का कचरा
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग : केदारनाथ धाम में साधु-संत पैदल मार्ग व पड़ावों पर आसपास गिरे प्लास्टिक के
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग : केदारनाथ धाम में साधु-संत पैदल मार्ग व पड़ावों पर आसपास गिरे प्लास्टिक के कचरे को हटाने का कार्य भी कर रहे हैं। कुछ यात्री व युवा भी इसमें सहयोग कर रहे हैं। धाम के आसपास रामानंद आश्रम के ललित महाराज ने सभी के सहयोग से प्लास्टिक हटाने की मुहिम शुरू की है। केदारनाथ में भारी भीड़ होने से कचरा भी बढ़ रहा है। पुराने पैदल मार्ग में प्लास्टिक की खाली बोतलें, बिस्कुट नमकीन के रैपर सहित करीब 50 किलो कचरा हटाया गया।
धाम में पुराना घोड़ा पड़ाव, भैरव मंदिर, केदारपुरी नगरी और बेस कैंप में प्लास्टिक का कचरा एकत्र हो रहा है। गौरीकुंड से लेकर केदारनाथ तक इस बार सैकड़ों दुकानें संचालित हो रही हैं। यात्रियों की भी भारी भीड़ आ रही है, जिससे कई स्थानों पर प्लास्टिक से गंदगी बढ़ गई है। प्लास्टिक हटाने की मुहिम रामानंद आश्रम ने पुराने घोड़ा पड़ाव से शुरू की है। इसमें साधु-संतों ने भी सहयोग किया गया।
केदारनाथ मंदिर से साढ़े तीन किमी आगे चोराबाड़ी ताल से करीब 20 किलो प्लास्टिक हटाया गया। यहां भी कई स्थानों पर प्लास्टिक की बोतलें साफ की गई। उसके बाद भैरव मंदिर की तरफ से प्लास्टिक कचरा हटाने का कार्य किया गया। इस कार्य में कई युवाओं और साधु महात्माओं ने भी सहयोग दिया। रामानंद आश्रम के ललितदास महाराज ने कहा कि बड़ी संख्या में हर दिन आ रही श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण केदारघाटी में प्लास्टिक कचरा हटाना बड़ी चुनौती बन गई है, जिसे हम सभी को मिलकर हटाना होगा।
रामानंद आश्रम की तरफ से चलाए जा रहे इस अभियान में संदीप गुसाईं, प्रकाश सिमल्टी, शशांक कांडपाल, रोहित सिंह, स्वामी पुरुषार्थ देव के साथ कई अन्य साधु संतों ने भी सहयोग किया गया।