सफाईकर्मियों ने शुरू की अनिश्चितकालीन हड़ताल
कार्मिकों को नियमित करने समेत 11 सूत्रीय मांगों को लेकर देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। कार्मिकों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: कार्मिकों को नियमित करने समेत 11 सूत्रीय मांगों को लेकर देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। कार्मिकों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
तयशुदा कार्यक्रम के तहत सफाई कर्मचारी नगर पालिका सभागार में एकत्रित हुए, जिसके बाद नियमितीकरण समेत 11 सूत्रीय मांगों को लेकर कार्मिकों ने हड़ताल शुरू कर दी। इस दौरान जोरदार प्रदर्शन कर नारेबाजी भी की गई। सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मनीष गोडियाल ने कहा कि अपनी विभिन्न मांगों के लिए सफाई कर्मचारी 15 मार्च 2021 से आंदोलित हैं। समय-समय पर वह अपनी मांगों पर कार्रवाई के लिए दबाव बनाते आए हैं, लेकिन सरकार सफाई कर्मियों की इन ज्वलंत समस्याओं पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। कहा कि सभी सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाए। पर्यावरण मित्रों को कनिष्ठ सहायक, सफाई निरीक्षक और चालक के पद पर पदोन्नति दी जाए। इसके साथ ही सफाई कर्मियों का स्वास्थ्य बीमा, कर्मियों को राज्य कर्मियों की भांति भत्ता और निकायों में आवास का मालिकाना हक दिया जाए। भूमिहीन वाल्मीकि समाज के लोगों के स्थायी निवास प्रमाण पत्र व जाति प्रमाण पत्र प्राथमिकता के साथ बनाए जाएं। कहा कि अब तो मांगे पूरी होने पर ही हड़ताल खत्म की जाएगी। उक्रांद के युवा नेता मोहित डिमरी ने सफाई कर्मियों की मांगों का समर्थन देते हुए कहा कि सफाई कर्मी लंबे समय से जायज मांगों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। इस मौके पर इस मौके पर जिलाध्यक्ष मनीष गोडियाल, नगर अध्यक्ष राकेश गोडियाल, नगर उपाध्यक्ष विशनपाल, नगर सचिव आनंद गोडियाल, महामंत्री मनोज कुमार, कैलाश, देवराज सहित कई महिला एवं पुरुष सफाईकर्मी मौजूद थे।