केदारनाथ हाईवे सौड़ी के पास 10 घंटे रहा बंद
शुक्रवार रात भारी बारिश से केदारनाथ हाईवे सौड़ी के पास अंधेरगढ़ी में भारी मलबा आने से 10 घंटे बाधित रहा।
संवाद सूत्र, अगस्त्यमुनि: शुक्रवार रात भारी बारिश से केदारनाथ हाईवे सौड़ी के पास अंधेरगढ़ी में भारी मलबा आने से 10 घंटे बाधित रहा। इस दौरान दिनभर हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
शुक्रवार को क्षेत्र में हुई भारी बारिश से आधी रात करीब दो बजे केदारनाथ हाईवे सौड़ी के पास अंधेरगढ़ी में भारी मलबा आने से बंद हो गया। लोनिवि की ओर से जेसीबी मशीनों से मलबा व बोल्डर हटाने का काम शुरू किया गया। शनिवार दोपहर साढ़े 12 बजे हाईवे से मलबे को साफ किया जा सका, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी। हालांकि हाईवे बाधित होने के दौरान केदारनाथ जाने वाले यात्रियों ने वैकल्पिक मार्ग बसुकेदार होते हुए आवाजाही की। जबकि, स्थानीय लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ी।
रुद्रप्रयाग-केदारनाथ हाईवे चौड़ीकरण के चलते कई स्थानों पर बरसात होते ही मुसीबत का सबब बन रहा है। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई नए भूस्खलन जोन विकसित हो गए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बांसवाड़, फाटा तथा अंधेरगढ़ी ऐसे ही नए जोन हैं, जहां भूस्खलन से दुर्घटना की आशंका रहती है। इन स्थानों पर लोग जान हथेली पर लेकर यात्रा कर रहे हैं।