देवस्थानम बोर्ड का गठन सरकार की उपलब्धि: ममगाई
प्रदेश सरकार के चारधाम विकास परिषद के उपाध्यक्ष शिवप्रसाद प्रसाद ममगाईं ने कहा कि देवस्थानम बोर्ड गठित कर सरकार ने चारधाम यात्रा को बेहतर करने का प्रयास किया है।
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: प्रदेश सरकार के चारधाम विकास परिषद के उपाध्यक्ष शिवप्रसाद प्रसाद ममगाईं ने कहा कि देवस्थानम बोर्ड गठित कर सरकार ने चारधाम यात्रा को बेहतर करने का प्रयास किया है।
कहा कि पिछले तीन वर्ष में सरकार ने जो कार्य किए है वह आमजन के लिए काफी बेहतर साबित हुए हैं। उन्होंने भाजपा कार्यकत्र्ताओं को सरकार की उपलब्धियां आम जनता तक ले जाने को कहा।
गुप्तकाशी में काशी विश्वनाथ मंदिर में भारतीय जनता पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकत्र्ताओं को संबोधित करते हुए आचार्य ममगाईं ने कहा कि त्रिवेंद्र सरकार ने इन 3 सालों में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जैसे देवस्थानम बोर्ड का गठन, साथ ही उन्होंने तीर्थ पुरोहितों के मन की शंका को दूर करते हुए पूर्ण रूप से आश्वस्त किया कि सरकार आपके सभी हितों का ध्यान रखेगी और आप के समस्त हकहकूकों यथावत रखा जाएगा। कहा कि वर्ष 2022 में प्रदेश चुनाव में भाजपा को मजबूती प्रदान करने के लिए वार्ड से लेकर मंडल, जनपद प्रदेश स्तर सभी कार्यकत्र्ताओं को राज्य सरकार के बेहतरीन कार्यो को जनता के बीच ले जाना पड़ेगा, जिसके लिए प्रत्येक कार्यकत्र्ता को समय-समय पर संगठन की मूल नीतियों को समझना पड़ेगा। कहा कि उत्तराखंड एक ऐसा राज्य है, जिसने अटल आयुष्मान योजना के द्वारा राज्य के परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक वार्षिक निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद देवसाली, पूर्व ब्लाक प्रमुख ममता नौटियाल, भाजपा के पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विपिन सेमवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष भगत सिंह कोतवाल, रीना अग्रवाल, सुमन जमलोकी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकत्र्ता मौजूद थे।