पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी कांग्रेस: राणा
कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। कहा कि भाजपा महिलाओं का अपमान करती है जिसका खामियाजा उसे आने वाले विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा।
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आएगी। कहा कि भाजपा महिलाओं का अपमान करती है, जिसका खामियाजा उसे आने वाले विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकत्र्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के बछणस्यू पट्टी के क्षेत्र भ्रमण के दौरान कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री ने कहा कि भाजपा के अकुशल नेतृत्व व जनविरोधी निर्णयों से जनता पूरी तरह त्रस्त है। भाजपा ने महिलाओं का कभी भी सम्मान नहीं किया। लगातार महिलाओं का उत्पीड़न हो रहा है। क्षेत्र के विकास में कोई ध्यान नहीं है। अस्पताल से लेकर यातायात, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं आमजन को नहीं मिल रही हैं। कहा कि इन सभी कारणों से भाजपा को सत्ता से जनता बेदखल करेगी। आज देश व प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार होने के बाद भी आम गरीब, मध्यमवर्गीय परिवार महंगाई, बेरोजगारी की मार झेल रहा है, जबकि भाजपा नेताओं ने बड़े-बड़े वादे कर पहाड़ी व्यक्तियों को गुमराह करके वोट लिया था।
इससे पूर्व बच्णस्यूं पट्टी पहुंचने पर ग्रामीणों ने कांग्रेस की प्रदेश महामंत्री का ढोल-दमाऊ के साथ जोरदार स्वागत किया। क्षेत्र भ्रमण के दौरान सीला पाखा में अगस्त्यमुनि विकास खंड क्षेत्र पंचायत नवासू वार्ड के सदस्य सुरजीत सिंह कंडारी अपने अन्य गांवों, ग्राम पंचायत गहंडखाल, ग्राम पंचायत बंगोली, ग्राम पंचायत दानकोट के अपने सभी समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर कांग्रेस सेवादल के महामंत्री दिनेश ममगाई, पूर्व राज्यमंत्री देवेंद्र झिकवाण, नगर पालिका रुद्रप्रयाग की अध्यक्ष गीता झिकवाण, जिला महामंत्री कालीचरण रावत सहित कई कांग्रेसी नेता मौजूद थे।