जिले में 77 फीसद कोरोना संक्रमित ठीक हुए
जनपद में कोरोना संक्रमण को लेकर अच्छी खबर है।
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग : जनपद में कोरोना संक्रमण को लेकर अच्छी खबर है। अब तक 52 संक्रमित मरीजों में से चालीस मरीज ठीक हो कर घर पहुंच चुके हैं। जबकि अन्य आइसोलेशन में भर्ती मरीजों की स्थिति में भी लगातार सुधार हो रहा है।
शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव छह मरीज स्वस्थ होकर घर भेज दिए गए। अब तक कोरोना पॉजिटिव पाए गए 77 फीसदी मरीज उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे फिजिशियन डॉ. संजय तिवारी ने बताया कि शुक्रवार को डिस्चार्ज किए गए व्यक्तियों में से चार व्यक्ति दिल्ली से आए थे, जिन्हें आज उनके गांव दौला, चन्द्रापुरी व दो व्यक्ति जो कि महाराष्ट्र से आए थे उन्हें उनके ग्राम पौंठी के लिये भेज दिया गया है। ये सभी व्यक्ति 14 दिन तक होम आइसोलेशन में रहेंगे। डॉ. तिवारी ने बताया कि इनमें से चार व्यक्ति एक ही परिवार के हैं और छह जून को दिल्ली से जनपद में आए थे। कोरोना के संदिग्ध लक्षण होने पर सभी को आइसोलशन वार्ड में रखा गया था। वहीं दो अन्य व्यक्ति महाराष्ट्र से 22 मई को जनपद में आए थे व आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। बताया कि कोरोना पॉजिटिव पाए गए सभी व्यक्तियों की स्वास्थ्य से संबंधित निगरानी की जा रही है। डॉ. संजय तिवारी ने बताया कि सभी स्वस्थ है। अब तक कुल 52 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें से 77 प्रतिशत अर्थात 40 लोगों को उपचार के उपरांत स्वस्थ होने पर होम क्वारंटाइन के लिए मुक्त किया गया है। बताया कि वर्तमान में कोरोना पॉजिटिव सभी 12 लोगों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।