63 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: जिले के चार नगर निकाय चुनाव की तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। शनिवार
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: जिले के चार नगर निकाय चुनाव की तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। शनिवार को इन निकायों में 13 हजार 746 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। जिले में कुल 22 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 10 संवेदनशील व 8 अतिसंवेदनशील हैं।
जिले में एक नगर पालिका और तीन नगर पंचायतों के चुनाव होने हैं। नगर पालिका रुद्रप्रयाग में अध्यक्ष पद पर भाजपा-कांग्रेस के साथ एक निर्दलीय प्रत्याशी के मैदान में होने से त्रिकोणीय मुकाबला है। जबकि सात वार्ड से कुल 28 वार्ड सदस्य मैदान में हैं। नगर पंचायत तिलवाड़ा में पहली बार चुनाव हो रहा है। ऐसे में यहां अध्यक्ष प्रत्याशी को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। तिलवाड़ा में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा-कांग्रेस के साथ ही बसपा व एक निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में है, जबकि चार वार्ड के लिए 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसी प्रकार नगर पंचायत अगस्त्यमुनि में अध्यक्ष पद पर भाजपा-कांग्रेस के साथ ही एक निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में है, जबकि सात वार्ड में से चार वार्ड पर एक-एक आवेदन आने से यह प्रत्याशी निर्विरोध घोषित हो चुके हैं, जबकि अन्य तीन वार्डो में छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। नगर पंचायत ऊखीमठ में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा-कांग्रेस के साथ ही एक निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में है, जबकि चार वार्ड में से दो वार्डो में निर्विरोध प्रत्याशी तथा दो वार्डों में पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में खडे़ हैं। उक्त चार नगर में निकायों में 22 मतदान केंद्रों पर कुल 13 हजार 746 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे, जिनमें से 7205 पुरुष व 6541 महिलाएं शामिल हैं। नगर निकाय चुनाव को लेकर सभी स्थानों पर धारा 144 लागू है। सभी से इसका पालन करने की अपील की गई है।
नगर निकाय में मतदाताओं की स्थिति
नगर निकाय,वार्ड संख्या,मतदाता
नगर पालिका रुद्रप्रयाग,07,6031
नगर पंचायत अगस्त्यमुनि,07,3679
नगर पंचायत ऊखीमठ,04,2110
नगर पंचायत तिलवाड़ा,04,1926