कोरोना संकट से निपटने में सरकार पर लगाया नाकामी का आरोप
कोरोना से निपटने में सरकार पर नाकामी का आरोप लगाते हुए यूथ कांग्रेस ने सांकेतिक धरना दिया।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: कोरोना से निपटने में सरकार पर नाकामी का आरोप लगाते हुए यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को अपने-अपने घरों में सांकेतिक धरना दिया।
धरने पर बैठे यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ऋषेंद्र महर ने कहा है कि भाजपा सरकार कोरोना संक्रमण को रोकपाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। प्रदेश में हर रोज 100 से अधिक लोगों की मौत हो रही है। जांच रिपोर्ट के लिए लोगों को कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। अस्पतालों में तमाम अव्यवस्था बनी हुई हैं। पॉजिटिव आने के बाद लोगों को तमाम नम्बरों पर सम्पर्क कर दवा आदि का इंतजाम करना पड़ रहा है। होम आइसोलेशन में रखे गए लोगों की कोई सुध नहीं ली जा रही है। गरीब परिवारों के समक्ष गंभीर आर्थिक चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। कई परिवार दो वक्त की रोटी भी नहीं जुटा पा रहे हैं। सरकार ने ऐसे लोगों के भरण-पोषण की कोई व्यवस्था नहीं की है। उन्होंने कहा कि विफल सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
======== चम्पावत में भी दिया धरना
जासं, चम्पावत : हर मरीज है, सरकार की जिम्मेदारी, बीमारों का इलाज करा, या गद्दी छोड़ो
नारों के साथ यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष सूरज प्रहरी ने शनिवार को अपने घर में सरकार के खिलाफ धरना दिया। इस दौरान प्रहरी ने सरकार की विफलता और सोच पर प्रश्न उठाए। कहा बेड्स की जानकारी के नाम पर वेबसाइट बना कर उसको ठीक से अपडेट तक नहीं कर रहे। प्रहरी ने कहा कि यह सरकार पूर्ण रूप से फेल हो गई है, आज हर जगह लोग मर रहे हैं, ऑक्सीजन की कमी से हाहाकार मचा है, न बेड मिल रहा है ना मूल दवाएं मिल रही हैं। भाजपा की सरकार ने ऐसे कोरोना काल में लोगो से मुंह मोड़ लिया है व उन्हें उनके हाल में छोड़ दिया है जिससे भाजपा सरकार का असली चरित्र दिखाई देता है।