पेयजल समस्या से जूझ रहीं हैस्यूड़ी गांव की महिलाओं ने किया प्रदर्शन
पेयजल समस्या से जूझ रहीं महिलाओं ने प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: तापमान बढ़ते ही पहाड़ में पेयजल व्यवस्थाओं की पोल खुलने लगी हैं। गांवों में पेयजल संकट खड़ा होने लगा है। जिले के हैस्यूड़ी गांव में लगे स्टैंड पोस्ट में पानी की बूंद नहीं टपक रही है। परेशान महिलाओं ने गुरू वार को जल महकमे के खिलाफ प्रदर्शन कर आक्रोश जताया।
हैस्यूड़ी गांव के लोगों को पेयजल स्टैंड के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। गांव के दो दर्जन से अधिक परिवार पेयजल के लिए स्टैंड पोस्ट पर ही निर्भर हैं। पिछले कई दिनों से स्टैंड पोस्ट में पानी की बूंद नहीं टपकी है। पानी नहीं आने से ग्रामीण मीलों दूर से पानी ढोने को मजबूर हैं। ग्रामीणों को पूरा दिन पानी के इंतजाम में ही निकल जा रहा है। सूचना देने के बाद भी पेयजल महकमे ने अभी तक समस्या दूर करने के लिए पहल नहीं की है।
खिन्न महिलाओं ने गुरुवार को गांव में ही जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कहा कि गर्मियों की शुरू आत में ही पेयजल संकट गहराने लगा है। पेयजल महकमे ने गांव में कई पेयजल स्टैंड लगा रखे हैं, इनमें से मात्र एक दो में ही पानी आता है वही भी पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल रहा है। महिलाओं ने पेयजल संकट दूर नहीं किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में गोविंदी देवी, विमला देवी, भावना देवी, देबुली देवी, हिमानी, हेमा देवी, नवीन राम, रेखा देवी, संगीता देवी, लक्षमा देवी, विमला देवी आदि शामिल थी। ======== नई योजना से जल्द जुड़ेगा गांव पेयजल महकमे का कहना है कि क्षेत्र के लिए नई पेयजल योजना लगभग तैयार हो चुकी है। जल्द ही गांव को भी नई योजना से जोड़ा जाएगा। इसके बाद गांव में पेयजल का कोई संकट नहीं रहेगा।