पिथौरागढ़ में महिला दिवस पर महिला कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
पुरानी पेंशन योजना बहाली की मांग को लेकर पिथौरागढ़ जिलेभ्की महिला कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़ : पुरानी पेंशन योजना बहाली की मांग को लेकर जिलेभर की महिला कर्मचारियों ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदर्शन किया। महिला कर्मचारियों ने नई पेंशन योजना के स्थान पर 2005 से पूर्व लागू पुरानी पेंशन योजना को बहाल किए जाने की मांग की।
राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली आंदोलन(एनएमओपीएस)की महिला उपाध्यक्ष वंदना भट्ट की अगुवाई में सोमवार को महिला कर्मचारियों ने पोस्टर लेकर विकास भवन के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने कहा कि सरकार द्वारा लागू की गई बाजार आधारित नई पेंशन योजना से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को नाममात्र की पेंशन मिल रही है। कर्मचारी लंबे समय से पुरानी पेंशन योजना लागू किए जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस ओर कोई पहल नहीं कर रही है। महिलाओं ने कहा कि महिला दिवस उनके लिए उसी दिन सार्थक होगा, जिस दिन उन्हें पुरानी पेंशन योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तरह-तरह की योजनाओं की बात की जा रही, लेकिन आर्थिक पक्ष को कमजोर किया जा रहा है। ऐसे में कैसे वे मजबूती का अनुभव करेंगी। प्रदर्शन करने वालों में सावित्री दुग्ताल, प्रेमा जोशी, रेखा चंद, विमला बिष्ट, मुन्नी जोशी, शांति पंत, चित्रा रावत, पार्वती ग्वाल, जानकी पांगती, रमा कोहली आदि शामिल थीं।
जिले के सभी विकास खंड मुख्यालयों में महिला कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर पुरानी पेंशन योजना लागू किए जाने की मांग की। अन्य कर्मचारियों ने महिला दिवस पर पोस्टरों के साथ परिवार की फोटो लेकर इंटरनेट मीडिया पर अपलोड किए। आंदोलन के जिलाध्यक्ष विजेंद्र लुंठी ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना बहाली की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।