ग्राम प्रधान की पहल पर मदनपुरी के वनराजियों का हुआ वैक्सीनेशन
वनराजि बाहुल्य खेतार कन्याल ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान की पहल से वैक्सीनेशन जारी है।
संवाद सूत्र, डीडीहाट (पिथौरागढ़) : वनराजि बाहुल्य खेतार कन्याल ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान की पहल से वैक्सीनेशन जारी है। पूर्व में कोरोना जांच और वैक्सीनेशन का विरोध करने वाले वनराजियों का भी टीकाकरण हो चुका है। मात्र 12 वनराजियों का वैक्सीनेशन होना शेष है।
तहसील का खेतार कन्याल आदिवासी वनराजि बाहुल्य गांव है। इस गांव में बीते माह जब वनराजियों के सैंपल लेने और वैक्सीनेशन के लिए चिकित्सा टीम पहुंची तो कूटा चौरानी के वनराजियों वैक्सीनेशन और सैंपल देने से मना कर दिया था। शिविर से वनराजि जंगल की तरफ और अपने घरों को चले गए थे। यहां के वनराजियों के सैंपल लेने और टीकाकरण प्रशासन से लेकर चिकित्सा टीम के लिए चुनौती बना हुआ था। गांव के युवा ग्राम प्रधान ने शत प्रतिशत ग्रामीणों का जिसमें वनराजि भी शामिल है उनका टीकाकरण कराने का संकल्प लिया।
ग्राम प्रधान महेश कन्याल ने लगातार तहसील प्रशासन से संपर्क बनाए रखा और गांव में वनराजियों से भी बात कर उन्हें सैंपल और वैक्सीनेशन के बारे में बताया। प्रधान के इस प्रयास से खेतार कन्याल के ग्रामीण वैक्सीनेशन के प्रति सजग हुए। अभी तक गांव में नब्बे प्रतिशत वैक्सीनेशन हो चुका है। वर्तमान समय में ग्राम पंचायत में 18 वर्ष से अधिक उम्र के 750 लोग हैं। जिसमें 704 ग्रामीणों ने टीका लगा लिया है। 500 लोगों को गांव में ही टीका लगाई। 204 लोगों ने सीएचसी डीडीहाट पहुंच कर वैक्सीन लगाई। 80 लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज लगा दी है। वर्तमान में गांव के दो सौ लोग बाहर रहते हैं उन्होंने भी वैक्सीन ले ली है।
ग्राम प्रधान ने बताया कि आदिवासी बाहुल्य गांव होने के बाद भी खेतार कन्याल में वैक्सीनेशन कार्य अन्य गांवों की अपेक्षा काफी अच्छा है। केवल 12 वनराजि के लोग वैक्सीनेशन से छूटे हैं। जिनका वैक्सीनेशन जल्दी होने वाला है। उन्होंने इसके लिए एसडीएम केएन गोस्वामी का आभार जताया है। प्रधान का कहना है कि उनके सहयोग से ही यह संभव हो सका । प्रधान के अनुसार गांव में 500 लोगों के सैंपल लिए गए थे। जिसमें दो दर्जन पॉजिटिव मिले थे। जो ठीक हो चुके हैं। गांव में अब कोई भी संक्रमित नहीं हैं।