पिथौरागढ़ के भैलोत गांव में भरभराकर गिरी दो मंजिला मकान की दीवार
तहसील पिथौरागढ़ के भैलोत गांव में एक दोमंजिला मकान की दीवार भरभराक गिर गई।
पिथौरागढ़, जेएनएन : तहसील पिथौरागढ़ के भैलोत गांव में एक दोमंजिला मकान की दीवार भरभराकर ढह गई। घर के लोगों ने बाहर भाग कर जान बचाई। मकान क्षतिग्रस्त होने से गरीब परिवार के पास अब रहने को कोई ठिकाना नहीं रह गया है।
भागीरथी देवी का मकान पुराना था। मकान की दीवारें कमजोर हो चुकी थी। इन दिनों हो रही बारिश के चलते रविवार को मकान की एक दीवार दिन में भरभराकर कर गिर गई। दीवार के ढहने के आसार देखते हुए परिवार जनों ने घर से बाहर दौड़ लगा दी। मकान में भागीरथी देवी अपने बेटे ,बहू, बेटी और पोते के साथ रहती थी। प्रथम तल गोठ में दो गाय और एक बछड़ा रहता था। मकान क्षतिग्रस्त होने से परिवारजनों सहित मवेशियों के रहने की कोई व्यवस्था नहीं है। सूचना मिलते ही पट्टी पटवारी ग्यारह देवी दीपा जोशी ने गांव पहुंच कर क्षति का आंकलन किया। उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवार के लिए विकल्प की व्यवस्था की जा रही है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष कोमल मेहता ने प्रशासन से प्रभावित परिवार के लिए शीघ्र व्यवस्था की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस समय कड़ाके की ठंड है ऐसे में परिवार अधिक समय तक दूसरे के घर पर नहीं रह सकता है। फिलहाल परिवार और जानवरों के गांव में ही दूसरे के मकान पर शिफ्ट किया गया है।