चार माह से खराब पड़े दो सोलर हैंडपंप, जलसंस्थान बना मूकदर्शक
डीडीहाट नगर पहले से ही पेयजल संकट की मार झेल रहा है। वहीं दोनों सोलर हैंडपंप महीनों से खराब पड़े है।
संवाद सूत्र, डीडीहाट: डीडीहाट नगर पहले से ही पेयजल संकट की मार झेल रहा है। अब रही-सही कसर वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था के रू प में बनाए गए सोलर हैंडपंप कर रहे हैं। नगर में विगत चार माह से दो सोलर हैंडपंप खराब चल रहे हैं। जिस कारण लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी पेयजल महकमा इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इससे क्षेत्र की जनता में आक्रोश व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने अविलंब खराब हैंडपंपों को ठीक नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
डीडीहाट नगर में जलसंस्थान द्वारा गांधी चौक, बुड़काफल, नार्मल व तहसील वार्ड में चार सोलर हैंडपंप बनाए गए हैं। इनमें से नगर के गांधी चौक स्थित शॉपिंग कॉम्पलेक्स व तहसील वार्ड के सोलर हैंडपंप विगत चार माह से खराब चल रहे हैं। जिस कारण इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भारी पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र की जनता का कहना है कि इस संबंध में कई बार विभाग को अवगत कराया जा चुका है। बावजूद इसके हैंडपंपों को ठीक नहीं किया जा रहा है और न ही क्षेत्र की जनता को टैंकरों से पेयजल की आपूर्ति कराई जा रही है। वहीं, डीडीहाट क्षेत्र की जनता के लिए थल रामगंगा नदी से बनाई जा रही लिफ्ट पेयजल योजना का काम भी अभी तक पूरा नहीं हो सका है। क्षेत्र में हर वर्ष गर्मी के मौसम में पेयजल संकट गहरा जाता है। इस वर्ष फरवरी माह से ही क्षेत्र में पेयजल की किल्लत होने लगी है। यदि शीघ्र लिफ्ट पेयजल योजना का काम पूरा नहीं हुआ तो क्षेत्र में भीषण पेयजल संकट पैदा हो जाएगा। ======== नगर में चार में से दो सोलर हैंडपंप सुचारू रू प से चल रहे हैं। दो हैंडपंपों में तकनीकी खामियां आई हैं। जिसे विभागीय कर्मचारियों द्वारा दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र दोनों हैंडपंपों को ठीक कर दिया जाएगा।
- एसएस रावत, अपर अभियंता, जलसंस्थान।