सीमांत में ठंड ने दी दस्तक, मुनस्यारी में वर्षा, ऊंची चोटियों पर हुआ हिमपात,
पिथौरागढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। हिमनगरी मुनस्यारी में बारिश हुई तो ऊंची चोटियों पर हिमपात हुआ।
पिथौरागढ़/मुनस्यारी, जेएनएन : सीमांत में मौसम का मिजाज बदल गया है। लगभग दो माह बाद हिमनगरी मुनस्यारी में वर्षा हुई और हिमालय की ऊंची चोटियों पर हिमपात हो रहा है। चोटियों में हिमपात और मुनस्यारी में बारिश से ठंड ने दस्तक दे दी है। जिले के अन्य क्षेत्र में ही आसमान में हल्के बादल छाए हैं।
इस बार मानसून काल में सितंबर माह सूखा रहा। मुनस्यारी में भी सितंबर माह के प्रथम सप्ताह में लगभग छह एमएम बारिश हुई थी। सितंबर माह में चोटियों पर एक बार हल्का हिमपात हुआ। तब से मौसम शुष्क रहा। सितंबर प्रथम सप्ताह के बाद तेज धूप पड़ रही थी। यहां तक कि उच्च हिमालय में भी दिन में तापमान अधिक रहने से चोटियों की बर्फ पिघलने लगी थी। चोटियों के निचले हिस्सों में कालिमा नजर आने लगी थी। गुरु वार को उच्च हिमालय में मौसम बदला। सुबह से ही उच्च हिमालय में बादल छाए थे। अपरान्ह से पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा, नंदा देवी, नंदा कोट, नंदा घूंघट, छिपलाकेदार सहित अन्य चोटियों पर हिमपात होने लगा। सायं तक हिमपात जारी रहा।
इस दौरान हिमनगरी मुनस्यारी सहित अन्य ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की वर्षा हुई। मौसम के जानकार बताते हैं कि उच्च हिमालय में हिमपात और मुनस्यारी सहित ऊंचाई वाले स्थानों पर वर्षा होने से अब नमी बनने के आसार है। फलस्वरू प स्थानीय स्तर पर बारिश और चोटियों पर हिमपात का सिलसिला जारी हो जाएगा। उधर धारचूला की उच्च हिमालयी दारमा की चोटियों में ही हल्का हिमपात हुआ है। हिमपात के चलते ठंड बढ़ने से अब दारमा के ग्रामीण भी माइग्रेशन शुरू करेंगे। पिथौरागढ़ सहित अन्य स्थानों पर आसमान में हल्के बादल छाए हैं।