चमाली क्षेत्र में एक माह से नहीं पहुंचा गैस का वाहन, आक्रोश
पिथौरागढ़ जनपद में गैस का संकट दूर होने का नाम नहीं ले रहा है।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़ : जनपद में गैस का संकट दूर होने का नाम नहीं ले रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति बेहद खराब है। कई गांवों में पिछले एक माह से गैस नहीं पहुंची है। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी है।
जिला मुख्यालय के नजदीकी चमाली क्षेत्र में पिछले एक माह से गैस सिलिंडर का वाहन नहीं पहुंचा है। क्षेत्र के सैकड़ों परिवार लकड़ी में भोजन बनाने को मजबूर हो गए हैं। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता पवन सिंह ने बताया कि क्षेत्र में हर 15 दिन में गैस के वाहन भेजे जाते हैं, लेकिन पिछले एक माह से गैस के वाहन नहीं पहुंचा है। क्षेत्र के कई उपभोक्ताओं के सिलेंडर खाली हो चुके हैं। आस-पास के क्षेत्रों में वाहन आने की सूचना पर लोग कंधों पर गैस सिलिंडर पहुंच रहे हैं तो वहां से भी उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है। कई उपभोक्ता कई रुपये खर्च कर जिला मुख्यालय स्थिति गैस गोदाम तक पहुंच रहे हैं, वहां से भी उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा है कि उन्हें शीघ्र गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं कराए जाते हैं तो वे जिला मुख्यालय आकर धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे।
इधर जिला मुख्यालय में भी गैस का संकट बना हुआ है। सुबह 10 बजे ही गैस वितरण केंद्रों में सिलिंडर खत्म हो जा रहे हैं। उपभोक्ता गैस वितरण केंद्रों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
गैस प्रबंधक ऊषा राणा ने बताया कि प्लांट से गैस कम मिलने के चलते समस्या बनी हुई है। गैस की आपूर्ति बढ़ाए जाने के लिए प्लांट प्रबंधक और आइओसी से लगातार पत्राचार किया जा रहा है।