Move to Jagran APP

मतदाता दिवस : लोकतंत्र के महापर्व में सभी बनें भागीदार

मजबूत लोकतंत्र और इसमें सबकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में मतदाता दिवस धूमधाम से मनाया गया।

By JagranEdited By: Published: Tue, 25 Jan 2022 10:21 PM (IST)Updated: Tue, 25 Jan 2022 10:21 PM (IST)
मतदाता दिवस : लोकतंत्र के महापर्व में सभी बनें भागीदार
मतदाता दिवस : लोकतंत्र के महापर्व में सभी बनें भागीदार

संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: मजबूत लोकतंत्र और इसमें सबकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सीमांत जनपद में 12वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई गई। मतदाता जागरूकता रथ को रवाना किया गया। बच्चों के मध्य विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

loksabha election banner

मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी/नोडल अधिकारी अनुराधा पाल स्वीप ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर अधिकारियों व कर्मचारियों को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें जागरूक किया। उन्होंने लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा व अन्य किसी प्रलोभन के प्रभावित हुए बिना सभी चुनाव में अपने मतदान का प्रयोग करने की शपथ दिलाई। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों से भी मतदान करने की अपील की। वर्तमान में कोविड महामारी से बचाव के दृष्टिगत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कोविड से सुरक्षित रहते हुए मजबूत लोकतंत्र के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की बात कही। चुनाव को समावेशी, सुगम और सहभागी बनाने की थीम के साथ राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आयोजित विविध कार्यक्रम के तहत क्लक्ट्रेट परिसर से मतदाता जागरूकता रथ को भी रवाना किया गया। इस अवसर पर चित्रकला, निबंध, स्लोगन, मोनोलाग, जिगल, वीडियो आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के सभी विजेताओं को 26 जनवरी पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में आईएएस दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी फिचा राम चौहान, सीटीओ वीरेंद्र रावत, जिला स्वीप समन्वयक दीपक कुमार, दिनेश वर्मा, हेमराज सहित जिला स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला उद्योग केंद्र महाप्रबंधक कविता भगत ने किया। ========= 12823 मतदाता पहली बार करेंगे मताधिकार का प्रयोग

सीमांत जनपद में कुल 395947 मतदाता हैं। जिसमें 204900 पुरुष व 191046 महिला मतदाता है, जबकि एक ट्रांसजेंडर मतदाता है। इस बार 12823 मतदाता आगामी 14 फरवरी को होने वाले लोकतंत्र के महापर्व में पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। ========== इस बार नहीं हुआ मतदाताओं का सम्मान राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर इस बार मतदाताओं का सम्मान समारोह नहीं हुआ। जबकि हर वर्ष मतदाता दिवस पर बुजुर्ग, दिव्यांग मतदाताओं को सम्मानित किया जाता था। साथ ही मतदाता पहचान पत्र भी वितरित किए जाते थे और नाम में संशोधन भी किए जाते थे, लेकिन इस बार इस तरह के कार्यक्रम आयोजित नहीं किए गए। मंगलवार को मतदाता दिवस पर नगरपालिका में कई लोग नाम संशोधन करने के लिए पहुंचे थे, लेकिन यहां कोई कार्यक्रम नहीं होने से उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा। यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऋषेंद्र महर ने मतदाता दिवस पर मतदात कार्ड नहीं बनने पर रोष प्रकट किया। ========== पुलिस कर्मियों को दिलाई गई निष्पक्ष मतदान करने की शपथ

मतदाता दिवस पर पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त शाखाओं, थाना, चौकी, अग्निशमन केंद्रों, पुलिस लाइन में कार्यालय प्रभारियों द्वारा अपने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को निष्पक्ष मतदान करने की शपथ दिलाई गई।

एसडीएस राइंका में प्रधानाचार्य मोहन चंद्र पाठक ने कार्यालय के कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि मतदाता दिवस मनाने का उद्देश्य अधिक से अधिक मतदाताओं को नाम सूची में जोड़ना और मतदान के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में भीम नाथ, त्रिभुवन फुलेरा, रघुवर दत्त पुनेठा, दीपक सुतेड़ी, शांति देवी, अशोक, संतोषी, विजय शर्मा, संजय पुनेठा आदि मौजूद रहे। नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर लोगों को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें आगामी 14 फरवरी को होने वाले चुनाव में भागीदारी करने के लिए प्रोत्साहित किया। एकलव्य अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मनीष कसनियाल, मेजर अशोक कपूर, मेजर ललित, दीपक कुमार, मोहित सिंह आदि मौजूद रहे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.