थल-सातशिलिंग मोटर मार्ग पर चोपड़ा के पास बना गड्ढा दे रहा हादसे को दावत
थल-सातशिलिंग मार्ग लंबे समय से बदहाल बना हुआ है। चोपड़ा के पास मार्ग पर बना गड्ढा परेशानी का सबब बना है।
संवाद सूत्र, थल: थल-सातशिलिंग मोटर मार्ग लंबे समय से बदहाल बना हुआ है। चोपड़ा के पास बीच सड़क में बड़ा गड्ढा बना हुआ है। जिस कारण मार्ग पर हर समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर लोगों में आक्रोश बना हुआ है।
थल-सातशिलिंग मोटर मार्ग जिला मुख्यालय को जोड़ता है। इस मार्ग में हर रोज सैकड़ों वाहनों का आवागमन होता है, मगर यह सड़क लंबे समय से खस्ताहाल बनी हुई है। मार्ग में कई स्थानों पर डामर उखड़ चुका है। वर्तमान में चोपड़ा के पास सड़क के बीच में बना स्क्रबर टूट चुका है। जिस कारण सड़क में बड़ा गड़्ढा बन गया है। विभाग की ओर से इस स्थान पर कोई भी चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया है। इससे मार्ग में हर समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत भी कराया जा चुका है, मगर समस्या जस की तस बनी हुई है। इधर, एडीबी के अधिशासी अभियंता डीपी आर्या का कहना है कि सड़क में स्क्रबर टूटने से गड्ढा बनने की जानकारी मिली है। शीघ्र ही सड़क गड्ढे को ठीक कर समस्या का समाधान किया जाएगा।