संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़ : विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक स्थल नारायण आश्रम में हेलीपेड बनकर तैयार हो गया है। पर्यटक अब हेलीकाप्टर से भी यहां पहुंच सकते हैं।
चौंदास घाटी भ्रमण पर निकले कुमाऊं कमिश्नर अरविंद सिंह हंयाकी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंगलवार को नारायण आश्रम पहुंचे। उन्होंने नवनिर्मित हेलीपेड का निरीक्षण किया। आश्रम संचालक और प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर उन्होंने हेलीपैड को बहुउद्देश्यीय बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने हेलीपेड के आसपास की भूमि का समतलीकरण कर योगाभ्यास, प्रवचन आदि के लिए स्थल विकसित को कहा। उन्होंने आश्रम के पास ही लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आवास विश्राम गृह में पानी कम आने की समस्या का अविलंब समाधान करने के निर्देश पेयजल निगम के अधिकारियों को दिए। उन्होंने नारायण आश्रम क्षेत्र में योजनाबद्ध ढंग से देवदार के नए पौध लगाने की जरू रत बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की खूबसूरती और बढ़ेगी।
सिर्खा और रुंग के बीच प्रस्तावित सड़क के विवाद को लेकर उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता कर इसका समाधान कराया। उन्होंने अधिकारियों को नये सिरे से सड़क का सर्वे और समरेखर कराने के साथ ही सोसा-सिर्खा सड़क और तवाघाट-थाणीधार सड़क का कार्य अविलंब पूरा कराने के निर्देश दिए। भ्रमण में उनके साथ जिलाधिकारी डा.विजय कुमार जोगदंडे, एसडीएम केएन गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
उधर जिला मुख्यालय से सटे रावलगांव में पुराना मकान ढहा रहे एक मजदूर के ऊपर मलबा गिर गया। इससे मजदूर घायल हो गया। घायल मजदूर को जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। प्रभारी तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया कि मंगलवार को रावलगांव में लव सिंह ने अपने पुराने मकान को गिराने के लिए योगेश कुमार मजदूर को काम पर लगाया था। इस दौरान मकान गिराते समय मजदूर के ऊपर मकान का मलबा गिर गया। इससे मजदूर को अंदरू नी चोट आ गई। तत्काल इसकी सूचना 108 को दी गई। इसके बाद 108 की मदद से घायल को जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सकों के मुताबिक मजदूर की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
में कोरोना वायरस से जुडी सभी खबरे