गुलदार को मारने की नहीं, पिंजड़े बढ़ाने की मिली अनुमति
वन जीव प्रतिपालक देहरादून ने पपदेव क्षेत्र में सक्रिय गुलदार को मारने की अनुमति नहीं दी है।
पिथौरागढ़, जेएनएन : वन जीव प्रतिपालक देहरादून ने पपदेव क्षेत्र में सक्रिय गुलदार को मारने की अनुमति नहीं दी है। वन विभाग को गुलदार को कैद करने के लिए और पिंजड़े लगाने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्र में गश्त कर रही वन विभाग की टीम को चौथे दिन भी गुलदार की कोई मूवमेंट नहीं दिखी।
चार रोज पूर्व पपदेव क्षेत्र में गुलदार ने घास काट रही एक महिला को मार डाला था। इसके बाद से क्षेत्र के लोग गुलदार को आदमखोर घोषित कर इसे मारने की मांग कर रहे हैं। वन विभाग ने गुलदार को आमदखोर घोषित करने का प्रस्ताव वन्य जीव प्रतिपालक को भेजा था, लेकिन गुलदार को मारने की अनुमति प्रतिपालक स्तर से नहीं मिली है। वन विभाग को पिंजड़े लगाकर गुलदार को कैद कर दूसरे स्थान पर छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। नए निर्देशों के बाद वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में पिंजड़ों की संख्या बढ़ाकर दो कर दी है। वन क्षेत्राधिकारी दिनेश चंद्र जोशी ने कहा है गुलदार की मूवमेंट को देखते हुए पिंजड़ों की संख्या और बढ़ाई जा सकती है। वन विभाग की टीम रात भर गश्त कर रही है।
गुलदार की मूवमेंट नहीं दिखाई देने से क्षेत्र के लोगों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीण सांझ ढलते ही घरों में कैद हो जाने को मजबूर हैं।