नवनिर्वाचित व्यापार संघ पदाधिकारियों ने ली शपथ
संवाद सूत्र बेरीनाग व्यापार संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को समारोह के साथ शपथ दिलाई
संवाद सूत्र, बेरीनाग : व्यापार संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को समारोह के साथ शपथ दिलाई गई। पिथौरागढ़ से आए उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पवन जोशी, उपाध्यक्ष विपिन चंद्र पंत, संरक्षक मंडल के जीवन पाठक, किशन पंत की उपस्थिति में रामलीला मैदान में पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष पवन जोशी ने पुराने संरक्षक मंडल को भंग करने की घोषणा की। व्यापार मंडल चुनावों को लेकर चल रहे विवाद का भी निवारण किया। उन्होंने बताया कि तीन माह के भीतर नए संरक्षक मंडल का गठन किया जाएगा।
रामलीला मैदान में आयोजित समारोह में बोलते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष हेम पंत ने व्यापारियों को नगर पंचायत से वांछित सहयोग देने का आश्वासन दिया। व्यापार संघ अध्यक्ष पवन जोशी ने जीएसटी, आयकर और प्राधिकरण विषय को लेकर समस्या आने पर जिला कार्यकारिणी को अवगत कराने की अपील की। इस मौके पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों अध्यक्ष राजेश पंत, उपाध्यक्ष कमल खाती, महासचिव हरीश बाफिला, उप सचिव भूपेंद्र मेहरा, कोषाध्यक्ष विपिन उप्रेती को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।