पराक्रम दिवस के रूप में मनाई गई नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पराक्रम दिवस के रूप में जनपद भर में मनाई गई।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पराक्रम दिवस के रूप में जनपद भर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। जगह-जगह गोष्ठी का आयोजन कर नेताजी को याद किया गया। नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवकों ने रक्तदान कर नेताजी के आदर्शो पर चलने का संकल्प लिया।
रविवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर नगर के नेड़ा स्थित भारती सदन में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। नेताजी का स्मरण करते हुए वक्ताओं ने कहा कि देश को आजादी दिलाने में बोस का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ब्रिटिश हुकूमत से देश को आजाद कराने के लिए उन्होंने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। कहा कि नेताजी एक ऐसे स्वतंत्रता सेनानी थे, जिनके द्वारा देश की आजादी के लिए दिए गए उनके बलिदान को देश कभी नहीं भुला सकता है। डा. तारा सिंह ने कहा दिल्ली में नेताजी की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस कदम से आज समस्त राष्ट्र उनका कृतज्ञ है और रहेगा। सुनीता ओली ने कहा कि सुभाष चंद्र बोस देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। सुनीता आंकोटी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग व बलिदान को याद रखना ही होगा। गोष्ठी में कमला बिष्ट, शुभम कापड़ी, चेतन भट्ट, ध्रुव सिंह, उत्कृष्ट, शौर्य मेहरा, भावना, मेघा, करिश्मा, नीरज, गौरव, मंगल आदि मौजूद रहे।
बोस जयंती पर नेहरू युवा केंद्र के तत्वाधान में जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर केंद्र के स्वयंसेवकों ने दस यूनिट रक्तदान किया। स्वयंसेवकों ने कहा कि बोस का प्रमुख नारा तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा आज भी युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। वर्तमान समय में युवाओं को नेताजी के आदर्श पर चलकर देश की सेवा में निस्वार्थ रूप से योगदान देन की जरूरत है। ====== स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन ने किया नेताजी को याद
संस, पिथौरागढ़: नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उत्तराखंड स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन की जनपद इकाई ने नया बाजार कार्यालय में एक गोष्ठी का आयोजन कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर सेनानी परिवार ने नेताजी के योगदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में केशव दत्त, रमेश चंद्र शर्मा, डा. जीके शर्मा, मनोहर सिंह खाती, डा. योगेश शर्मा, हेम चंद्र शर्मा, कल्याण दिगारी, डा. नमन शर्मा, प्रेम चंद, दीवान सिंह वल्दिया आदि शामिल थे।
विकास भवन में पीआरडी जवानों ने नेताजी बोस को याद करते हुए उन्हें नमन किया। ब्लाक कमांडर कनालीछीना राजेंद्र दिगारी ने कहा कि नेताजी बोस के देश की आजादी में दिए गए योगदान को आजीवन याद रखा जाएगा। कार्यक्रम में दीपा सामंत, एन जोशी, मंजू चौसाली, पुष्कर राम, कुंदन राम आदि शामिल रहे।