दशहरा पर बजी अनलाक की शहनाई, पिथौरागढ़ में हुए 24 से अधिक विवाह समारोह
विजयदशमी पर्व पर रविवार को पिथौरागढ़ जिले में दो दर्जन से अधिक विवाह समारोह हुए।
पिथौरागढ़, जेएनएन : विजयदशमी पर्व पर रविवार को जिलेभर में दो दर्जन से अधिक विवाह समारोह हुए। लाकडाउन के दौरान स्थगित किए गए कई विवाह समारोह भी विजयदशमी पर हुए। अधिकांश बारात घरों में विवाह समारोह की धूम रही। बारातियोंको लंबे समय बाद बरात में थिरकने का मौका मिला।
कोरोना महामारी के चलते देश में 24 मार्च से लाकडाउन लग गया था। जिसके चलते सभी तरह के सार्वजनिक आयोजनों पर रोक लग गई थी। जिसका असर विवाह समारोह पर भी पड़ा। कई लोगों को अपने विवाह की तिथि स्थगित करने पड़ी। इस बीच देश में अनलाक तो हो गया, मगर विवाह का सीजन 16 नवंबर के बाद शुरू होगा। इस बीच विजयदशमी ही एक मात्र ऐसा दिन होता है, जिसमें कोई भी शुभ कार्य किया जाता है। गायत्री ज्योतिष केंद्र के संचालक प्रसिद्ध ज्योतिष पं. अनिल कोठारी ने बताया कि विजयादशमी हिदू धर्म के प्रमुख पर्वाें में से एक है। इस दिन मर्यादा पुरु षोत्तम भगवान राम ने रावण का वध कर लंका पर विजय हासिल की थी। विवाह समारोह के लिए भी यह दिन बहुत शुभ माना जाता है। इस दिन नाड़ी दोष, ग्रहों से तालमेल आदि कुछ भी नहीं देखा जाता है। यहां तक कि लड़का-लड़की की कुंडली मिलान भी नहीं किया जाता है। रविवार को विजयदशमी पर्व पर जिले में कई जोड़े परिणय सूत्र के बंधन में बंधे।