घर में घुस महिला पर झपटा बंदर, हाथ पर काट किया घायल
पिथौरागढ़ के थल क्षेत्र में बंदरों का आतंक बना हुआ है। थल बाजार में बंदर ने घर में घुस कर एक महिला पर हमला बोल दिया। जिससे महिला घायल हो गई।
संसू, थल (पिथौरागढ़) : थल क्षेत्र में बंदरों का आतंक बना हुआ है। थल बाजार में बंदर ने घर में घुस कर एक महिला को काट दिया। महिला की चीख पर परिजनों ने बड़ी मुश्किल से बंदर को घर से बाहर खदेड़ा।
गुरु वार को थल बाजार निवासी गीता देवी घर में काम कर रही थी। इस दौरान दरवाजा खुला होने से एक बंदर घर में घुस गया। गीता देवी उसे भगाने लगी तो बंदर ने उस पर हमला कर उसके हाथ में काट दिया। महिला के चिल्लाने पर परिजन सहित आसपास के लोग पहुंचे तब जाकर बंदर को घर से भगाया जा सका। घायल महिला को अस्पताल पहुंचा कर प्राथमिक उपचार दिया गया। ग्राम प्रधान दीप वर्मा ने वन विभाग से घायल महिला को मुआवजा देने और बंदरों से निजात दिलाने की मांग की है।
थल कस्बे में बंदरों के बढ़ते आतंक से आम आदमी प्रभावित है। बंदर दुकानों से सामान उठा कर ले जा रहे है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों के लिए हो रही है। बच्चों को बंदर के डर से अभिभावक स्कूल पहुंचा रहे है और ला रहे हैं। सड़कों पर चलने वाले राहगीर बंदरों से डरे रहते हैं। उनके हाथ से बंदर सामान छीन कर ले जा रहे हैं। खेतों में उगी साग सब्जी भी बंदरों की भेंट चढ़ चुकी है।