गंगोलीहाट के अंतिम गांव रस्यूना में सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ
गंगोलीहाट तहसील क्षेत्र का अंतिम गांव रस्यूना जल्द सड़क से जुड़ जाएगा। गांव के लिए सड़क निर्माण को 2.84 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हुए हैं।
संवाद सूत्र, गंगोलीहाट: तहसील क्षेत्र का अंतिम गांव रस्यूना जल्द सड़क से जुड़ जाएगा। गांव के लिए सड़क निर्माण को 2.84 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हुए हैं। शनिवार को विधायक ने गांव पहुंचकर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। लोग वर्षो तक सड़क निर्माण की बाट जोह रहे थे। कई बार शासन-प्रशासन के सम्मुख गुहार लगाने के बाद अब मांग पूरी होने जा रही है। इस इलाके में सड़क बन ज ाने से काश्तकारों को भी स्थानीय उत्पाद मार्केट तक पहुंचाने में आसानी रहेगी।
रस्यूना गांव आज तक सड़क से नहीं जुड़ सका था। क्षेत्र के लोगों की दिक्कत को देखते हुए शासन ने पनार से रस्यूना तक सात किमी. सड़क निर्माण की स्वीकृति दी। शनिवार को विधायक मीना गंगोला ने गांव पहुंचकर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के गांवों को सड़कों से जोड़ने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने मौके पर मौजूद पीएमजीएसवाइ के अधिकारियों को सड़क का कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। सड़क स्वीकृति से गदगद गांव के 60 लोगों ने विधायक के समक्ष भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नवीन मेहरा, नगर मंडल अध्यक्ष दिनेश धानिक, सुरेश जोशी, गोकुल गंगोला, रघुवीर सिंह, सुरेश पंडा, ग्राम प्रधान कमल सिंह, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप गिरी, राम सिंह बिष्ट, मोहन कार्की, नीमा परगाई, भगवान बिष्ट आदि मौजूद रहे। रमेश गड़कोटी