क्षतिग्रस्त स्कबर में गिरी मैक्स, पांच यात्रियों की जान बची
मुनस्यारी में पांच सवारियों को लेकर आ रही मैक्स वाहन भैँसखल के पास क्षतिग्रस्त स्कबर में घुस गर्ठ। हादसे में मैक्स सवार पांच सवारियां बाल-बाल बच निकली।
संवाद सूत्र, नाचनी (पिथौरागढ़) : एक ओर लोक निर्माण विभाग की लापरवाही और दूसरी ओर आसमान से आफत बनकर गिर रहा पाला वाहन दुर्घटनाओं को दावत दे रहा है। मुनस्यारी से पांच सवारियों को लेकर आ रही मैक्स जीप भैंसखाल के क्षतिग्रस्त स्कबर में घुस गई। हादसे में मैक्स सवार पांच सवारियां बाल-बाल बच निकली।
मैक्स जीप मुनस्यारी से पांच सवारियां लेकर थल की तरफ आ रही थी। बुधवार देर शाम भैंसखाल के पास जीप क्षतिग्रस्त स्कबर में घुस गई। मार्ग पर पाला होने से इस समय हल्का सा ब्रेक लगाना भी खतरनाक साबित होता है। क्षतिग्रस्त स्कबर में घुसी कार वहीं पर रु क गई। वाहन में सवार पांच सवारियों में हड़कंप मच गया। वाहन के स्कबर में लटक जाने से उनकी जान बच गई।
भैंसखाल के क्षतिग्रस्त स्कबर की कहानी भी बड़ी अजीब है। प्रति दूसरे या तीसरे वर्ष यह स्कबर टूट जाता है । लोनिवि प्रत्येक बार एक ही ठेकेदार से इसकी मरम्मत का कार्य कराती है। हर बार आपदा मद से इस स्कबर की मरम्मत होती है। इस वर्ष भी जुलाई माह की पहली बारिश में यह स्कबर क्षतिग्रस्त हो गया था। स्थानीय जनता का कहना है कि मरम्मत के नाम पर स्कबर में पूर्व से ही प्रयुक्त सरिया डाल कर ऊपर से मिट्टी डाल दी जाती है। विभाग से शिकायत के बाद भी किसी तरह का सुधार नहीं हो रहा है।
लोनिवि के अवर अभियंता योगेश चौबे ने बताया कि वर्ष 2018 में सड़क के इस क्षेत्र का दायित्व उनके पास था। स्कबर निर्माण में तमाम खामियां पाए जाने पर उन्होंने ठेकेदार के भुगतान पर रोक लगा दी थी। बाद में फिर उसी ठेकेदार को इसका कार्य सौंपा गया।