मुख्य सचिव चीन सीमा पर स्थित गुंजी पहुंचे
संवाद सूत्र धारचूला प्रदेश के मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह तीन सचिवों के साथ भारत-चीन सीमा पर ि
संवाद सूत्र, धारचूला: प्रदेश के मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह तीन सचिवों के साथ भारत-चीन सीमा पर स्थित गुंजी पहुंचे। इस दौरान मुख्य सचिव ने अंतिम भारतीय पड़ाव कालापानी और नावीढांग का भ्रमण कर कैलास मानसरोवर यात्रा, भारत चीन व्यापार और चीन सीमा लिपूलेख तक बन रही सड़क का जायजा लिया।
मुख्य सचिव शुक्रवार की सुबह हेलीकॉप्टर से गुंजी पहुंचे। जहां पहुंचने के बाद उन्होंने कालापानी और अंतिम भारतीय पड़ाव नावीढांग पहुंच का भी हेलीकॉप्टर से निरीक्षण किया। चीन सीमा तक बन रही सड़क की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ सचिव अमित नेगी, सचिव दिलीप जावलकर और पुलिस महानिरीक्षक संजय गुंज्याल थे। गुंजी पहुंचने पर जिलाधिकारी डॉ. वीके जोगदंडे, एसपी आरसी राजगुरु, आइटीबीपी, एसएसबी के अधिकारियों सहित गुंजी के ग्रामीणों ने स्वागत किया। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को मुख्य सचिव और सचिव चीन सीमा पर स्थित अंतिम गांव कुटी जाएंगे। रविवार को जौलिंगकोंग पहुंच कर सिनला पास से पैदल विदांग जाएंगे। जहां से दारमा के तिदांग पहुंच कर हेलीकॉप्टर से लौटेंगे ।
चीन सीमा पर संचार की सेवा नहीं होने से कार्यक्रम की पूरी जानकारी नहीं मिल पा रही है। इस दौरान गुंजी में ग्रामीणों ने मुख्य सचिव का स्वागत करते हुए गुंजी में शिव लिंग तीर्थ दार्शनिक स्थल में पर्यटन विभाग के माध्यम से मार्ग निर्माण और रेलिंग कार्य कराने, पेयजल समाधान के लिए अलग-अलग स्थानों टैंकों का निर्माण, मनेला व्यास मेला सांस्कृतिक मंच और गुंजी के बीच सोलर लाइट लगाने, मनेला मैदान में चहारदीवारी, सांस्कृतिक मंच और सीढ़ीदार चौपाल निर्माण, व्यास के लिए अनुदान पर हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध कराने, सीमा पर डीएसबीटी फोन सेवा प्रारंभ कराने, हेलीपैडो के निकट यात्री शेड बनाने संबंधी मांग पत्र सौंपा गया।