ग्लेशियर की चपेट में आकर लास्पा गाड़ी का पुल बहा
संवाद सूत्र मुनस्यारी भारी बर्फबारी से मुनस्यारी मिलम मार्ग पर ग्लेशियरों के खिसकने से दो पुल ध्व
संवाद सूत्र, मुनस्यारी: भारी बर्फबारी से मुनस्यारी मिलम मार्ग पर ग्लेशियरों के खिसकने से दो पुल ध्वस्त हो चुके हैं। मार्ग में कई फीट बर्फ जमी है। जोहार में माइग्रेशन करने वाले 14 गांवों के ग्रामीणों का माइग्रेशन बंद है। जिसे लेकर माइग्रेशन करने वाले ग्रामीण परेशान हैं।
मुनस्यारी तहसील के जोहार के ल्वां, मिलम, पांछू, गनघर, खिलांच, मर्तोली, बिल्जू, रिलकोट, टोला, बुगडियार सहित 14 गांवों के लोग माइग्रेशन करते हैं। जोहार घाटी में ग्रीष्मकालीन माइग्रेशन मध्य अप्रैल से हो जाता है। इस बार भारी बर्फबारी से मार्ग ग्लेशियरों के खिसकने से बंद है। मिली जानकारी के अनुसार लास्पा गाड़ी के पास विशाल ग्लेशियर खिसकने आए एवलांच में लास्पा गाड़ी का पैदल पुल बह गया है। इस स्थान पर कई फीट बर्फ जमी है। जिसके चलते आवागमन संभव नहीं है।
लास्पा गाड़ी से आगे बुर्फू के पास भी ग्लेशियर खिसकने से एक अन्य पुल बर्फ की चपेट में आकर बह चुका है। ग्रामीणों का माइग्रेशन में लगभग एक माह का विलंब हो चुका है। जिसे लेकर ग्रामीण मायूस हैं। लोनिवि द्वारा अभी मार्ग के बारे में कोई भी सूचना नहीं दी जा रही है। माइग्रेशन के दौरान ग्रामीण मय परिवार और जानवरों के साथ जाते हैं। ऐसे में ग्रामीणों का अपने मूल गांवों तक पहुंच पाना जल्दी संभव नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार इस समय तक ग्रामीण अपने मूल गांवों तक जाकर फसल बोने के बाद वापस आकर पूरे परिवार के साथ छह माह प्रवास के लिए चले जाते थे। इस बार अभी मार्ग के जल्दी खुलने के आसार नहीं हैं। मार्ग के बंद रहने पर जोहार घाटी में इस वर्ष पर्यटन के भी प्रभावित होने के आसार बन चुके हैं। ग्रामीणों ने शीघ्र मार्ग तैयार नहीं किए जाने पर सड़कों पर उतरने की धमकी दी है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप