आइटीबीपी जवान प्रताप राम की सैन्य सम्मान के साथ अंत्येष्टि
7वीं वाहिनी आइटीबीपी मिर्थी में तैनात हवलदार प्रताप राम की शुक्रवार को सैन्य सम्मान के साथ अंत्येष्टि की गई।
थल, जेएनएन : 7वीं वाहिनी आइटीबीपी मिर्थी में तैनात हवलदार प्रताप राम की शुक्रवार को सैन्य सम्मान के साथ अंत्येष्टि की गई। वाहिनी के जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी।
विकासखंड डीडीहाट के भनड़ा गांव निवासी 54 वर्षीय हवलदार प्रताप राम, पुत्र स्व. अनराम आइटीबीपी 7वीं वाहिनी मिर्थी में तैनात थे। गुरुवार को मिर्थी कैंप में ड्यूटी के दौरान उनका अचानक स्वास्थ खराब हो गया। सीने में दर्द की शिकायत पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वाहिनी के अधिकारियों व जवानों ने मृतक जवान के पार्थिव शरीर को उनके गांव भनड़ा पहुंचाया। जवान का पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी बेसुध हो गई। शुक्रवार को थल रामगंगा घाट में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। एएसआइ गंगा सिंह के नेतृत्व में जवानों शारीरिक दूरी का पालन करते हुए जवान को अंतिम सलामी दी। मृतक जवान के 17 वर्षीय पुत्र भूपेंद्र कुमार ने चिता को मुखाग्नि दी।