Move to Jagran APP

बर्फ से लकदक हुई उच्च हिमालय की चोटियां, निचले इलाकों में कड़ाके की ठंड

सीमांत जिले पिथौरागढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है।

By JagranEdited By: Published: Wed, 19 Jan 2022 09:29 PM (IST)Updated: Wed, 19 Jan 2022 09:29 PM (IST)
बर्फ से लकदक हुई उच्च हिमालय की चोटियां, निचले इलाकों में कड़ाके की ठंड

संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: सीमांत जिले पिथौरागढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। बुधवार को जिले की ऊंची चोटियों पर जमकर हिमपात हुआ। सीमांत तहसील मुनस्यारी में पूरे दिन बादल छाए रहे और जिला मुख्यालय में दिन भर धूप छांव का खेल चलता रहा।

loksabha election banner

सीमांत क्षेत्रों में बीते रोज से ही मौसम खराब है। मंगलवार की रात मुनस्यारी और आस-पास के क्षेत्रों में हिमपात हुआ। जिससे थल-मुनस्यारी मोटर मार्ग रातापानी के पास कुछ देर बाधित रहा। बुधवार को तहसील मुख्यालय में पूरे दिन बादल छाए रहे। ऊंची चोटी हंसालिग, राजरंभा, नंदादेवी में बुधवार को पूरे दिन हिमपात होता रहा। चोटियां बर्फ से लकदक हैं। बर्फबारी से तापमान में फिर गिरावट आ गई है। बुधवार को मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान माइनस एक डिग्री दर्ज हुआ। अधिकतम तापमान सात डिग्री सेंटीग्रेट दर्ज किया गया। बर्फबारी के बाद तहसील मुख्यालय में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मुख्यालय में जगह-जगह अलाव जलाए जा रहे हैं।

उधर धारचूला क्षेत्र के अंतर्गत कुटी, गुंजी में फिर हिमपात हुआ है। तहसील क्षेत्र की व्यास, चौदांस और दारमा घाटी के कई गांव बर्फ से ढके हुए हैं। इन क्षेत्रों में तापमान माइनस दो डिग्री सेंटीग्रेट तक पहुंच रहा है। इधर जिला मुख्यालय में भी पूरे दिन धूप छांव का खेल चलता रहा। ====== तीन घंटे तक बर्फबारी में फंसे रहे बंगाल के पर्यटक

संवाद सूत्र, मुनस्यारी: भारी बर्फबारी के चलते मुनस्यारी आ रहे पर्यटकों का एक दल रातापानी में फंस गया। सूचना देने के बाद भी लोनिवि ने मार्ग खोलने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। जानकारी मिलने पर तहसील प्रशासन ने रेस्क्यू चलाकर पर्यटकों को देर रात मुनस्यारी पहुंचाया। बंगाल निवासी अधीर रंजन के साथ सात अन्य पर्यटक कौसानी से मुनस्यारी आ रहे थे। भारी बर्फबारी के चलते पर्यटकों के वाहन रातापानी में फंस गए। रात्रि आठ बजे क्षेत्र के लोगों ने पर्यटकों के फंसे होने की सूचना लोनिवि को देकर मार्ग खुलवाए जाने की मांग की, लेकिन लोक निर्माण विभाग ने कोई रुचित नहीं ली। भीषण ठंड के चलते परेशान पर्यटकों ने तहसील प्रशासन से सम्पर्क साधा। तहसील प्रशासन ने रेस्क्यू चलाकर देर रात तक पर्यटकों को रातापानी से मुनस्यारी पहुंचाया। सभी पर्यटक सकुशल हैं। पर्यटकों ने तहसील प्रशासन का आभार जताया है। मुनस्यारी क्षेत्र के लोगों ने लोनिवि की उदासीनता पर गहरा आक्रोश जताते हुए कहा कि असंवेदनशील रवैये के चलते पर्यटकों में क्षेत्र की छवि खराब होती है। क्षेत्र के पर्यटन विकास के लिए अधिकारियों को अपना रवैया संवेदनशील रखना होगा। इधर उपजिलाधिकारी ने कहा है कि पर्यटकों के फंसे होने की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम क्षेत्र में भेज दी गई थी। सभी पर्यटकों को सकुशल मुनस्यारी पहुंचा दिया गया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.