Move to Jagran APP

आसमान से बरसी आफत, जनजीवन अस्त-व्यस्त

जागरण संवाददाता पिथौरागढ़ सीमांत जिले में मौसम सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को एक

By JagranEdited By: Published: Sun, 21 Apr 2019 10:37 PM (IST)Updated: Sun, 21 Apr 2019 10:37 PM (IST)
आसमान से बरसी आफत, जनजीवन अस्त-व्यस्त
आसमान से बरसी आफत, जनजीवन अस्त-व्यस्त

जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़: सीमांत जिले में मौसम सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को एक बार फिर मौसम का रौद्र रू प देखने को मिला। पूरे जिले भर में मूसलधार वर्षा हुई तो भारत नेपाल सीमा पर पीपली से लेकर पूरे तल्लाबगड़ में बारिश और ओलावृष्टि से भारी क्षति हुई है। नेपाल सीमा से लगी दो सड़कें मलबा आने से बंद हो गई है। एक स्थान पर सड़क धंसने से एक ट्रक पलट गया, चालक ने कूद मार कर जान बचाई। ट्रक की चपेट में आकर एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। मुनस्यारी के गोरीपार क्षेत्र में वर्षा और ओलावृष्टि ने तबाही मचा दी है। बारिश का वेग इतना तीव्र है कि लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। हिमालय की ऊंची चोटियों पर हिमपात हो रहा है। वर्षा, हिमपात और ओलावृष्टि से तापमान में तीन डिग्री की कमी आ चुकी है।

loksabha election banner

रविवार सुबह दस बजे से ही आसमान बादलों से घिर गया था। अपराह्न ढाई बजे से मौसम का रंग बदल गया। जिला मुख्यालय में तेज गरज के साथ मूसलधार बारिश हुई। नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगा। दिन में लगभग दो घंटे तक जनजीवन प्रभावित रहा। बाद में मौसम का वेग कम हुआ, परंतु बारिश जारी रही।

पीपली से मिली जानकारी के अनुसार भारत नेपाल सीमा पर मौसम का रौद्र रू प देखने को मिला। काली नदी घाटी क्षेत्र में तैयार गेहूं, जौं, मसूर की फसल सहित आम, लीची की फसल और साग सब्जी नष्ट हो चुकी है। नालों के ऊफान पर आने से क्षेत्र के कुछ गांवों में घरों में पानी घुस गया। अफरा तफरी मच गई। भारी बारिश से कनालीछीना -पीपली मार्ग पर गैराड़ नामक स्थान पर और जौलजीवी -तल्लाबगड़ मार्ग पर बगड़ी गांव के पास मलबा आने से मार्ग बंद हो चुके हैं। वाहन वापस लौट चुके हैं। मौसम के मिजाज को देखते हुए नेपाल सीमा से लगे तीन दर्जन गांवों में दहशत बनी है। इसी दौरान पीपली के निकट सड़क धंसने से इस मार्ग से गुजर रहा ट्रक पलट गया। मुनस्यारी से मिली जानकारी के अनुसार वहां पर सायं चार बजे से बारिश जारी है। तहसील के गोरीपार क्षेत्र में भारी ओलावृष्टि और बारिश हो रही है। फसल, साग , सब्जी और फल नष्ट हो चुके हैं। मौसम को देखते हुए लोग घरों में दुबके हैं।

देवलथल के बाराबीसी क्षेत्र में बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई है। थल, डीडीहाट और तल्ला जोहार क्षेत्र में भी तेज बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। धारचूला तहसील क्षेत्र में भी वर्षा जारी है। उच्च हिमालय की चोटियों पर बारिश हो रही है। ======== तीन डिग्री लुढ़का पारा पिथौरागढ़ में रविवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री था। बारिश के बाद अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहा । मुनस्यारी में दिन का अधिकतम तापमान 17 डिग्री था जो बारिश के बाद 14 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है। ======= जौलजीवी -मदकोट-मुनस्यारी मार्ग भी हुआ बंद पिथौरागढ़: भारी बारिश से जौलजीवी- मदकोट-मुनस्यारी मार्ग उमरगड़ा के पास मलबा आने से बंद हो गया है। यहां पर लगातार पहाड़ की तरफ से मलबा और बोल्डर गिर रहे हैं। एक कार बोल्डर की चपेट में आने से बाल-बाल बची। मार्ग बंद होने से जौलजीवी से मदकोट, मुनस्यारी आ जा रहे फंसे वाहन वापस लौट रहे हैं। पीपली-कनालीछीना और जौलजीवी -तल्लाबगड़ मार्ग पर भी फंसे वाहन वापस लौट रहे हैं। रविवार को मार्ग खुलने की संभावना नहीं है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.