108 एंबुलेंस में हुआ सुरक्षित प्रसव, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ
रविवार सुबह साढ़े नौ बजे हाईवे पर चरमा के पास 108 एंबुलेंस में कन्या ने जन्म लिया।
पिथौरागढ़, जेएनएन : रविवार सुबह साढ़े नौ बजे हाईवे पर धारचूला और पिथौरागढ़ के मध्य चरमा के पास 108 चिकित्सा वाहन में कन्या ने जन्म लिया। वाहन में स्वस्थ कन्या के जन्म लेने से परिजनों में खुशी छा गई। परिजनों ने इसे मातारानी बताते मां दुर्गा का आशीर्वाद बताया है।
धारचूला के गलाती के छाना गांव निवासी राधिका पत्नी सूरज सिंह को प्रसव के लिए धारचूला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया था। रविवार सुबह सीएचसी धारचूला से राधिका को जिला अस्पताल पिथौरागढ़ रेफर कर दिया गया। सुबह 108 एंबुलेंस गर्भवती को 98 किमी दूर जिला महिला अस्पताल पिथौरागढ़ को लाई। धारचूला से लगभग 50 किमी दूर ओगला चरमा के बीच गर्भवती की प्रसव पीड़ा बढ़ गई ।
गर्भवती महिला की हालत को देखते हुए एंबुलेंस में तैनात इएमटी सोनिया मेहरा ने हिम्मत दिखाई। चिकित्सक को फोन मिलाया और उनके निर्देश पर वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर प्रसव कराना प्रारंभ किया। फोन से चिकित्सक से निर्देश लेते हुए सफल प्रसव कराया। महिला ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। स्वस्थ बच्ची के जन्म लेते ही साथ में चल रहे परिजन खुशी से झूम उठे। दूसरे नवरात्र की सुबह घर में कन्या के जन्म लेने को मां दुर्गा का आशीर्वाद बताया। नवजात के पिता सूरज सिंह ने नवजात को मातारानी बताया और अपने लिए सौभाग्य बताया। जच्चा और बच्चा को जिला महिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। दोनों स्वस्थ हैं। प्रति नवरात्र में 108 में बेटियां जन्म लेती रहती हैं।