आपदा पीड़ितों को बांट दी एक्सपायरी डेट की खाद्यान्न सामग्री, आक्रोश
पिथौरागढ़ जिले के आपदा प्रभावित लोगों को एक्सपायरी डेट की खाद्यान्न सामग्री वितरित करने का मामला सामने आया है।
मुनस्यारी, जेएनएन : दुश्वारियों के पहाड़ से गुजर रहे पिथौरागढ़ जिले के लोगों को एक्सपायरी डेट की खाद्यान्न सामग्री बांट दी गई। गांव में पहुंचे जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया के सामने ग्रामीणों ने खाद्यान्न सामग्री और तिथि दिखाई तो वह भी हक्का-बक्का रह गए। उन्होंने तत्काल प्रशासनिक अधिकारियों को फोन पर आपत्ति जताई। अधिकारियों ने इसकी जांच कराने का आश्वासन दिया है।
धापा गांव में प्रभावितों का हाल जानने पहुंचे जिला पंचायत सदस्य ने ग्रामीणों को राहत सामग्री के रू प में दी जा रही खाद्यान्न सामग्री देखी तो वे सकते में आ गए। ग्रामीणों को 2019 में एक्सपायर हो चुके तेल और मसाले वितरित किए गए हैं। मर्तोलिया ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि यह आपदा की मार झेल रहे ग्रामीणों के साथ से सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने ग्रामीणों से इस सामग्री का उपयोग नहीं करने की अपील की। ग्रामीणों ने एक्सपायरी डेट की सामग्री अपने घरों से बाहर कर दी।
जिला पंचायत सदस्य मर्तोलिया ने इस मामले में उपजिलाधिकारी बीएस फोनिया से फोन पर वार्ता की और उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी। उपजिलाधिकारी फोनिया ने कहा है कि एक्सपायरी डेट की सामग्री दी गई है तो यह गंभीर मामला है, इसकी उच्चस्तरीय जांच की जाएगी।