लॉकडाउन में फंसे फिल्म निर्माता शेखर कपूर को भाया मुनस्यारी
लॉकडाउन में फंसे फिल्म निर्माता शेखर कपूर को मुनस्यारी का सौंदर्य भाया है।
मुनस्यारी, जेएनएन : बैंडिट क्वीन जैसी सुपर हिट फिल्म के निर्माता शेखर कपूर लॉकडाउन के चलते विगत दो माह से मुनस्यारी में प्रवास कर रहे हैं। मुनस्यारी के नैसर्गिक सौंदर्य से अभिभूत शेखर कपूर मुनस्यारी की फोटो सहित यहां के वातावरण, रहन सहन, जीवन शैली की बातें अपने इंस्ट्राग्राम से फिल्म जगत के मित्रों को भेज रहे हैं।
मुनस्यारी के मल्ला घोरपट्टा में अपने मित्र आलोक के आवास पर रह रहे शेखर कपूर हिमनगरी के सौंदर्य को जमकर सराह रहे हैं। यहां के रहन , सहन और मडुए की रोटी और राई के साग को भी जमकर सराह रहे हैं। शेखर कपूर दो माह पूर्व मुनस्यारी घूमने आए थे। लॉकडाउन होने के बाद फंस गए थे। दो माह से मुनस्यारी में एक फिल्म की तैयारी में जुटे हैं। यहां से लौटने के बाद फिल्म का निर्माण किया जाएगा। मुनस्यारी के बिटलीधार, पातलथौड़, बलाती खूब भा रहे हैं। एक दिन पूर्व बिटलीधार के इको पार्क में पहुंचे शेखर कपूर ने यहां पर रेस्टोरेंट चलाने वाले बृजेश धर्मशक्तू से बात की और मुनस्यारी के रहन सहन, खान पान के बारे में चर्चा की।