दूसरी कंपनी को ठेका देने पर भड़के पर्यावरण मित्र
नगर पंचायत बेरीनाग में कार्यरत पर्यावरण मित्रों ने ठेका कंपनी बदलने पर तीव्र आक्रोश जताया है।
संवाद सूत्र, बेरीनाग: नगर पंचायत में कार्यरत पर्यावरण मित्रों ने ठेका कंपनी बदलने पर तीव्र आक्रोश प्रकट किया है। आक्रोशित पर्यावरण मित्रों ने इसके विरोध में कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। पर्यावरण मित्रों के कार्य बहिष्कार पर जाने से नगर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है।
बुधवार को पर्यावरण मित्र संगठन के अध्यक्ष धमेंद्र के नेतृत्व में पर्यावरण मित्रों ने कार्य बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन किया। धमेंद्र ने बताया कि विगत पांच वर्षो से 15 पर्यावरण मित्र नगर पंचायत में ठेके पर साफ-सफाई का काम कर रहे हैं। इस बीच पुरानी कंपनी को बदलकर नए ठेकेदारी व्यवस्था लागू कर उन्हें हटाने की साजिश रची जा रही है। जिसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान पर्यावरण मित्रों ने अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर उन्हें इस संबंध में एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें पुरानी ठेकदारी व्यवस्था को बहाल करने, पर्यावरण मित्रों को संविदा पर रखे जाने की मांग की गई। पर्यावरण मित्रों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों को नहीं माना जाएगा वह आंदोलन पर डटे रहेंगे। इधर, पर्यावरण मित्रों के कार्य बहिष्कार के चलते नगर में सफाई व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हो गई है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। इस मौके पर जितेंद्र, सोनू, संजय, हिमांशु, मोहित, पिंकू, रोहित, मनोज, मालती, कमला, रेनू, अनिता, लीला देवी, मंजू देवी, आनंदी आदि शामिल थे। ======== नई टेंडर व्यवस्था में पर्यावरण मित्रों के लिए एग्रीमेंट किया जाएगा। जिसमें इन्हीं पर्यावरण मित्रों को रखने की व्यवस्था की जाएगी। पर्यावरण मित्रों को परेशान होने की जरू रत नहीं है।
- प्रवीण सक्सेना, अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत, बेरीनाग।